लखनऊ में 15 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, म्यूल बैंक अकाउंट चलाने वाला गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस के ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत साइबर सेल पूर्वी जोन और बीबीडी थाना साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी से जुड़े म्यूल बैंक खातों का संचालन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ कालरा के रूप में हुई है, जो लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित ओमेगा ग्रीन अपार्टमेंट का निवासी है।
49 साइबर शिकायतों में 15.06 करोड़ की ठगी का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने और परिजनों के बैंक खातों को साइबर अपराधियों को कमीशन पर उपलब्ध कराता था। इन खातों में ठगी की रकम जमा होती थी। आरोपी करीब 10 प्रतिशत कमीशन अपने पास रखता था और बाकी रकम नकद या अन्य माध्यमों से आगे भेज देता था।
तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी के इंडसइंड बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों से जुड़े 49 साइबर शिकायतें देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज हैं। एनसीआरपी पोर्टल के अनुसार इन मामलों में करीब 15.06 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप कॉल के जरिए साइबर गिरोह के संपर्क में रहता था और उन्हीं के निर्देश पर बैंक खातों का संचालन करता था।
लैपटॉप, मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन, 1 ईडीसी मशीन, 3 पेन ड्राइव, विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम/डेबिट कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज, आधार-पैन कार्ड और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
आरोपी के खिलाफ बीबीडी थाने में मुकदमा संख्या 220/2026 के तहत बीएनएस की धारा 61(2), 317(2), 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66C में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और साइबर गिरोह की विस्तृत जांच कर रही है।
Also Read: Lucknow News: 55 दिनों में पैसा डबल करने वाले BG Wealth गैंग का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

