दिल्ली में खाली स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 4 अगस्त की रात 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा के साथ एक चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार, छात्रा पारिवारिक अनबन के कारण बिना बताए घर से नोएडा स्थित अपने चचेरे भाई के पास जाने के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे की वजह से वह गलती से परी चौक पर उतर गई, जहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी।
पर्दे लगे होने से बाहर किसी को नहीं हुआ शक
नोएडा सेक्टर-63 जाने का झांसा देकर बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप ने छात्रा को बस में सवार कर लिया। आरोप है कि बस चलने के कुछ ही देर बाद कंडक्टर ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। परी चौक से कश्मीरी गेट तक के करीब 47 किलोमीटर के सफर के दौरान यह दरिंदगी चलती रही। बस के स्लीपर होने और खिड़कियों पर पर्दे लगे होने की वजह से रास्ते में किसी राहगीर को अंदर चल रहे अपराध का अहसास नहीं हो सका।
कश्मीरी गेट रिंग रोड पर फेंककर भागे आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देर रात पीड़िता को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर तुरंत कश्मीरी गेट पुलिस थाने में संपर्क किया और पूरी आपबीती सुनाई। शिकायत दर्ज मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से आरोपी ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
Also Read: गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार THAR, 4 युवकों की मौत, 17 साल का युवक घायल

