गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार THAR, 4 युवकों की मौत, 17 साल का युवक घायल
Ganga Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ (Hapur) में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सिंभावली थाना क्षेत्र में बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया।
हादसा देर रात करीब एक बजे हुआ। सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सीएचसी सिखेड़ा भेजा। डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल किशोर का उपचार शुरू किया गया।
बदायूं से दिल्ली जा रहे थे सभी
पुलिस के मुताबिक, Thar में बदायूं के रहने वाले पांच लोग सवार थे। मृतकों की पहचान जोगिंदर (26), सुखबीर (25), जसवंत (20) और रवि (20) के रूप में हुई है। वहीं 17 वर्षीय विष्णु हादसे में घायल हुआ है। उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ा और थार एक्सप्रेसवे पर पलट गई। टक्कर और पलटने के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे (Ganga Expressway Accident) के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
Also Read: कासगंज में तड़के बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रक से भिड़ी, 3 की मौत, 23 घायल

