कुशीनगर के 179 गांवों को मिलेगी डिजिटल रोशनी, 454 करोड़ से खुलेगी लाइब्रेरी
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले में अब डिजिटल शिक्षा को नई उड़ान मिलने जा रही है। “शिक्षा आपके द्वार” की अवधारणा को साकार करते हुए जिले की 179 ग्राम पंचायतों में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरियों की स्थापना की जाएगी। इस महात्वाकांक्षी योजना पर करीब 454 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और सूचना की पहुंच को मजबूत किया जाएगा।
इस परियोजना के तहत जिले के 14 विकास खंडों के चयनित गांवों में डिजिटल पुस्तकालय बनाए जाएंगे, जहां स्मार्ट एलईडी टीवी, कंप्यूटर, इंटरनेट नेटवर्किंग, कैमरे और अन्य उपकरण उपलब्ध होंगे। ये लाइब्रेरियां युवाओं, छात्रों और आम ग्रामीणों को डिजिटल शिक्षा और ज्ञान से जोड़ेंगी।
जिलाधिकारी ने संभाली कमान
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को लाइब्रेरी स्थापना की जिम्मेदारी सौंपी है और कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने जानकारी दी कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए धनराशि का आवंटन पीएफएमएस पोर्टल पर दर्ज छह मॉड्यूल के माध्यम से होगा। इसके तहत:
- 1.30 लाख रुपये हार्डवेयर, नेटवर्किंग, स्मार्ट टीवी और कंप्यूटर जैसे उपकरणों के लिए
- 70 हजार रुपये फर्नीचर के लिए
- 90 हजार रुपये तक की किताबें एनबीटी (नेशनल बुक ट्रस्ट) से
- 90 हजार रुपये तक अन्य प्रकाशकों की पुस्तकें
- 20 हजार रुपये डिजिटल सामग्री के लिए खर्च की जाएगी।
ब्लॉकवार ग्राम पंचायतों का विवरण
जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में जिन ग्राम पंचायतों को डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चयनित किया गया है, उनकी सूची इस प्रकार है:
- तमकुहीराज – 24 ग्राम पंचायतें
- सुकरौल – 21
- हाटा – 19
- पडरौना – 16
- सेवरही – 16
- फाजिलनगर – 14
- कप्तानगंज – 13
- मोतीचक – 12
- खड्डा – 11
- नेबुआ नौरंगिया – 11
- रामकोला – 9
- विशुनपुरा – 6
- दुदही – 5
- कसया – 2
शिक्षा और सूचना क्रांति की दिशा में बड़ा कदम
यह पहल न सिर्फ ग्रामीण छात्रों को डिजिटल दुनिया से जोड़ेगी, बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और तकनीकी ज्ञान के लिए एक मजबूत आधार भी देगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे शिक्षा, स्वरोजगार, तकनीकी जागरूकता और डिजिटल साक्षरता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: CM योगी ने किया वादा, फिर भी नहीं माफ हुई पंखुड़ी की फीस; अब अखिलेश यादव बोले- हमारी…

