अमेरिकी हमलों में 18 लोगों की मौत, जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित US ठिकानों पर दागीं मिसाइलें

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव और अधिक हिंसक रूप लेता जा रहा है। ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय की वेबसाइट के अनुसार, देश के स्वास्थ्य मंत्री मोहम्मद रेजा जफरगांदी ने बताया कि हालिया अमेरिकी हमलों में 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 108 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी हमलों की तीखी निंदा करते हुए इसे देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सीधा उल्लंघन करार दिया है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ईरान अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए अमेरिकी कार्रवाइयों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सफाई

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उसकी सेनाओं ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमलों की एक सफल श्रृंखला पूरी कर ली है। अमेरिका का दावा है कि यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा हमले के प्रयासों के जवाब में की गई है। हालांकि, ईरान का कहना है कि इन अमेरिकी हमलों में कई नागरिक इलाकों, सार्वजनिक सेवाओं के ढांचों तथा निजी व सरकारी संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

कुवैत, जॉर्डन और इराक में US ठिकानों पर दागीं मिसाइलें

अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान की IRGC ने मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर भीषण जवाबी हमले करने का दावा किया है। ईरान की तस्नीम और आईआरएनए (IRNA) समाचार एजेंसियों के मुताबिक, IRGC ने कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात और इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में स्थित अमेरिकी संसाधनों को निशाना बनाया है।

कुवैत बेस पर हमला: IRGC ने दावा किया कि उसने कुवैत स्थित अली अल-सलेम अमेरिकी बेस में कमांडर के आवास और कमांड पोस्ट को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।

जॉर्डन में बैलिस्टिक मिसाइलें: सिरिक में एक शादी समारोह पर हुए कथित अमेरिकी हमले के जवाब में, ईरान ने जॉर्डन में अकाबा की खाड़ी के पास स्थित कैंप टिटियन पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस दौरान कई अमेरिकी हेलीकॉप्टर और सैन्य सुविधाएं नष्ट होने का दावा किया गया है।

इराक में सर्विलांस सिस्टम और मेंटेनेंस सेंटर तबाह: इराक के एरबिल में IRGC ने अमेरिकी सैन्य अड्डे की सर्विलांस बैलून कंट्रोल प्रणाली, मेंटेनेंस सेंटर और तकनीकी उपकरणों के गोदामों को ध्वस्त करने का दावा किया, जिससे ईंधन डिपो में भीषण आग लग गई।

संयुक्त राष्ट्र ने की तत्काल युद्धविराम की अपील

अमेरिका और ईरान के बीच रातभर चली इस भीषण सैन्य कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता की लहर दौड़ गई है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव और नागरिक मौतों पर गहरी संवेदना व चिंता व्यक्त की है। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि महासचिव खासकर ईरान के सिरिक में एक शादी समारोह पर हुए हमले में आम नागरिकों के मारे जाने की खबरों से बेहद व्यथित हैं।

संयुक्त राष्ट्र ने सभी पक्षों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून की याद दिलाते हुए आम नागरिकों और सैन्य ठिकानों के बीच अंतर बनाए रखने की अपील की है। यूएन महासचिव ने दोनों देशों से तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने, संयम बरतने और तनाव भड़काने वाले बयानों से दूर रहने का आग्रह किया है।

Also Read: धोनी-पंत का प्राइवेट पार्टी VIDEO वायरल, ‘हुक्का’ वाले बयान पर मचा बवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.