कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से मारपीट करने वाले 2 पूर्व पार्षदों को 6 साल के लिए किया निलंबित

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान में आगामी नगर निगम चुनावों से ठीक पहले बीकानेर कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और अनुशासनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है। बीकानेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में पार्टी आलाकमान ने सख्त रुख अपनाया है। कांग्रेस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

कार्यालय उद्घाटन के दौरान हुआ हुई मारपीट

यह विवाद बीकानेर नगर निगम के वार्ड संख्या 50 (प्रगाशी) में एक कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और उनके कुछ अन्य सहयोगियों ने बीकानेर शहर जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित तौर पर हाथापाई, धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया।

घटना के तुरंत बाद जिलाध्यक्ष मेघवाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को लिखित शिकायत भेजी। कांग्रेस द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि बीकानेर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ इस प्रकार का कृत्य घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निलंबित किया जाता है।

नगर निगम चुनाव से ठीक पहले पार्टी का कड़ा संदेश

कांग्रेस का यह कठोर कदम ऐसे समय में आया है जब राजस्थान में दो चरणों (9 और 11 सितंबर) में नगर निगम चुनाव होने जा रहे हैं। चुनावों से ठीक पहले बीकानेर में हुई इस घटना और उसके बाद के निलंबन को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि चुनावी माहौल में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या गुटबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यही है कांग्रेस का असली दलित विरोधी चेहरा: बीजेपी

मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोल दिया है। राजस्थान बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि टिकट वितरण को लेकर उत्पन्न असंतोष के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने ही जिलाध्यक्ष को बेरहमी से पीटा, जो अत्यंत निंदनीय है।

बीजेपी ने इस मुद्दे को दलित राजनीति से जोड़ते हुए कांग्रेस नेतृत्व को घेरा और कहा, कैमरे के सामने खुद को दलितों का हितैषी बताने वाले राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ का यह घिनौना सच है। जहां अपनी ही पार्टी के एक दलित नेता के साथ कार्यकर्ताओं द्वारा गुंडागर्दी की जा रही है, वहां राहुल गांधी खामोश क्यों हैं?

Also Read: अमेरिकी हमलों में 18 लोगों की मौत, जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित US ठिकानों पर दागीं मिसाइलें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.