लखनऊ में 650 प्रतिबंधित तोतों के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, मुरादाबाद से गोरखपुर ले जा रहे थे खेप

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फ़ोर्स (STF) ने वन्यजीवों की अवैध तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के ख़िलाफ़ बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने शनिवार देर रात लखनऊ से दो तस्करों को गिरफ़्तार किया है, जिनके पास से विभिन्न प्रतिबंधित प्रजातियों के कुल 650 तोते बरामद हुए हैं। इनमें से 355 तोते मृत पाए गए, जो तस्करी की भयावहता को दर्शाते हैं।

प्रतिबंधित प्रजाति के थे तोते

एसटीएफ को पिछले कई दिनों से संरक्षित पक्षियों (तोतों) की तस्करी की ख़बरें मिल रही थीं। इसी सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के पर्यवेक्षण में कार्यवाही करते हुए, निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम ने यह सफलता हासिल की। यह गिरफ्तारी लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित आउटर रिंग रोड (किसान पथ), बक्शी का तालाब के पास से गत रात हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र उदयभान सिंह और मुरादाबाद निवासी संजीव पुत्र मुखराम सिंह के रूप में हुई है। तस्करों के पास से कुल 650 तोते बरामद हुए हैं, जिनमें ‘रोज़ रिंग पैराकीट’ (Rose Ring Parakeet) और ‘प्लम हेडेड पैराकीट’ (Plum Headed Parakeet) जैसी प्रतिबंधित प्रजातियाँ शामिल हैं। इनमें 295 तोते जीवित थे, जबकि 355 मृत पाए गए। बरामद सामानों में एक मारुति बलेनो कार (जिसमें तस्करी हो रही थी), सात छोटे/बड़े पिंजरे, चार प्लास्टिक के झोले, 5020 रुपये नक़द और तीन मोबाइल फ़ोन शामिल हैं।

मुरादाबाद से गोरखपुर जा रही थी खेप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तस्करों ने बताया कि ये प्रतिबंधित तोते मुरादाबाद निवासी राजकुमार ने भेजे थे और इसे गोरखपुर निवासी रईस के पास पहुँचाना था। दोनों तस्करों के ख़िलाफ़ प्रभागीय वनाधिकारी, अवध वन प्रभाग के तहत रेंज बीकेटी, लखनऊ में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और भारतीय वन अधिनियम, 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अग्रिम कानूनी कार्यवाही वन विभाग द्वारा की जा रही है।

Also Read: दिवाली से ठीक पहले फतेहपुर की पटाखा मंडी में भीषण आग, तीन लोग झुलसे, कई दुकानों में भारी नुकसान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.