लखनऊ में मुंडन कराकर लौट रहे परिवार की कार पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 7 घायल

Lucknow News: लखनऊ में चंद्रिका देवी मंदिर (Chandrika Devi Temple) से मुंडन कराकर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार शाम हादसे का शिकार हो गई। सैरपुर थाना क्षेत्र में रैथा अंडरपास के पास महिंद्रा जायलो का टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकराई और पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।

कार सवार सभी लोग निगोहां के पश्चिम टोला कस्बे के रहने वाले थे। वे संदीप के 7 साल के बेटे आर्यन का मुंडन कराने चंद्रिका धाम मंदिर गए थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में दो महिलाओं की मौत

हादसा सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। मौके पर पहुंची सैरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से रामसागर मिश्रा 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। इलाज के दौरान मीरा देवी (35) और राम कुंवारा देवी (65) की मौत हो गई। दोनों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

हादसे में पिंटू (38), सपना (37), नीरज कुमारी (45), नन्हा देवी (65), प्रभावती (55), संदीप (37) और आर्यन घायल हुए। गंभीर रूप से घायल नन्हा देवी और संदीप को Lucknow के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का भी उपचार चल रहा है।

टायर फटने से हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, महिंद्रा जायलो का टायर फटने के कारण ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। कार खंभे से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

गौरतलब है कि गोमती नदी में बाढ़ के चलते नवरात्रि के दौरान चंद्रिका धाम मंदिर बंद कर दिया गया था। रविवार सुबह ही मंदिर के कपाट दोबारा खोले गए थे।

Also Read: हाईकोर्ट में सरेंडर की अर्जी देकर गायब हुई श्रद्धा दुबे, नेपाल से लखनऊ तक पुलिस को देती रही चकमा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.