लखनऊ में BMW से 26 लाख कैश बरामद, आयकर विभाग शुरू की जांच
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार देर शाम चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू (BMW) कार की डिग्गी में बने गुप्त लॉकर से 26 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की। चौंकाने वाली बात यह है कि इस आलीशान कार की नंबर प्लेट पर यूपी के नंबर की जगह कैलिफोर्निया लिखा हुआ था और गाड़ी में वीआईपी हूटर भी लगा था। नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने दोनों गाड़ियों को सीज कर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को मामले की कमान सौंप दी है।
कैंट के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सुजीत दुबे ने बताया कि किला चौकी क्षेत्र में स्मृति उपवन के पास स्थित सोशल प्वाइंट रेस्टोरेंट के नजदीक एक बीएमडब्ल्यू और एक स्कॉर्पियो कार संदिग्ध हालत में खड़ी थीं। पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद तीन युवक घबरा गए। पूछताछ में पता चला कि वे कार के भीतर बैठकर नोटों की गिनती कर रहे थे। जब पुलिस ने कड़ाई से तलाशी ली, तो बीएमडब्ल्यू की डिग्गी में बने एक विशेष लॉकर से 500-500 रुपये के नोटों की 52 गड्डियां (कुल 26 लाख रुपये) बरामद हुईं।
पकड़े गए युवकों की पहचान शिवांशु पांडेय (निवासी तेलीबाग), रोचमन वर्मा (निवासी आशियाना) और रचित ठाकुर उर्फ अथर्व (निवासी सरोजनीनगर) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के बाद तीनों युवक लगातार अपने बयान बदलते रहे। उन्होंने कभी इस रकम को निजी लेनदेन बताया, तो कभी किसी बड़े कारोबारी का पैसा होने का दावा किया। हालांकि, मौके पर वे कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके।
गाड़ी में 12 एम्पियर का हूटर और फर्जी नंबर प्लेट
जांच में यह भी सामने आया कि रसूख दिखाने के लिए बीएमडब्ल्यू कार में अवैध रूप से 12 एम्पियर का हूटर लगाया गया था। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से तफ्तीश कर रही है कि इन लग्जरी गाड़ियों में इस तरह के बदलाव करने और फर्जी नंबर प्लेट लगाने के पीछे इन युवकों का असली मकसद क्या था। साथ ही तीनों आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री और उनकी आर्थिक गतिविधियों की भी कुंडली खंगाली जा रही है।
Also Read: श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद नियमों में बदलाव, जमीन पर गद्दे बिछाकर होगी नोटों की गिनती

