श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद नियमों में बदलाव, जमीन पर गद्दे बिछाकर होगी नोटों की गिनती

Ayodhya News: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले ने पूरे देश का ध्यान खींचा है। इस घटना के बाद मंदिर ट्रस्ट ने अपनी कार्यप्रणाली में कई अहम बदलाव किए हैं। अब दान की गिनती के नियम पूरी तरह से बदल दिए गए हैं। ट्रस्ट ने काउंटिंग रूम से टेबल-कुर्सी हटाकर जमीन पर गद्दे और प्लाईवुड बिछाने का निर्देश दिया है, ताकि कपड़ों या मेज के नीचे पैसे छिपाने की संभावना खत्म हो सके।

सख्त सीसीटीवी निगरानी और 24 घंटे नजर

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए काउंटिंग रूम में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से सीधी निगरानी रखी जा रही है। मॉनिटरिंग रूम में तैनात सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अपनी जगह छोड़ने की अनुमति नहीं है। वहीं, गिनती करने वाले कर्मचारी डार्क ब्लू ड्रेस कोड में रहेंगे, ताकि उन्हें दूर से भी आसानी से पहचाना जा सके।

नए नियमों के तहत दान गिनती के दौरान कर्मचारियों को आपस में बात करने की इजाजत नहीं होगी। बार-बार बाथरूम जाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी और कैंटीन में अधिक समय बिताने पर भी रोक लगा दी गई है। ये कदम चढ़ावा चोरी की घटनाओं को पूरी तरह से रोकने के लिए उठाए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अविनाश शुक्ला ने 15 लाख रुपये से अधिक का लेन-देन किया है। उसने अपनी महिला मित्र को करीब 2 लाख रुपये नकद और एक महंगा मोबाइल फोन गिफ्ट किया। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या यह राशि चढ़ावा चोरी से जुड़ी है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अविनाश का भाई उसे ड्यूटी के बाद कैश ले जाते हुए देखा करता था, लेकिन जब उसने पूछा तो अविनाश ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

अब तक 8 गिरफ्तार, लाखों रुपये बरामद

इस मामले में पुलिस ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के ठिकानों से लाखों रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि क्या मंदिर परिसर में और भी लोग इस गिरोह से जुड़े हैं। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि चढ़ावा चोरी की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: नहीं सुधरी तकनीकी खामी तो टीम इंडिया को ऐसे ही हरवाते रहेंगे रवि बिश्नोई!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.