महाराष्ट्र में बाढ़ के पानी में बहे HPCL के 3000 गैस सिलेंडर

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र में मानसूनी आफत ने हाहाकार मचा रखा है। भारी बारिश के चलते आए अचानक सैलाब (फ्लैश फ्लड) में रायगढ़ जिले के खालापुर तहसील स्थित चावणे गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ HPCL गैस प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने से लगभग 3000 एलपीजी सिलेंडर बह गए। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव में बहे इन सिलेंडरों में कई भरे हुए हैं, तो कुछ खाली हैं।

सिलेंडर लूटने की मची होड़

इंटरनेट और सोशल मीडिया पर इस घटना के कई चौंकाने वाले वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें नदी की लहरों पर सैकड़ों सिलेंडर तैरते नजर आ रहे हैं। इस बीच, कुछ स्थानीय लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन सिलेंडरों को पानी से निकालकर अपने घर ले जाते भी दिखे। घटना के बाद गैस कंपनी के अधिकारी अलर्ट पर हैं और इस बात की तफ्तीश कर रहे हैं कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और सिलेंडरों को कैसे रिकवर किया जाए।

रायगढ़ के जिला मजिस्ट्रेट किशन जावले ने आम जनता को सचेत करते हुए कहा है कि बहकर आए सिलेंडरों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें। यह पता नहीं है कि वे सुरक्षित हैं या उनमें गैस लीक हो रही है। कौतूहल या मुफ्त के चक्कर में इन्हें घर ले जाना या खोलने की कोशिश करना किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसा कोई भी जोखिम न उठाएं।

मुंबई-पुणे समेत कई शहरों में जनजीवन बेपटरी

गौरतलब है कि सिर्फ रायगढ़ ही नहीं, बल्कि मुंबई, पुणे और नासिक समेत पूरे महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश ने रफ्तार रोक दी है। नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं, सड़कें समंदर बन चुकी हैं और रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए हैं। कई इलाकों में वॉटरलॉगिंग और लैंडस्लाइड (भूस्खलन) की वजह से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.