अंबाला में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा, 4 मजदूरों की मौत, 30 के दबे होने की आशंका

Ambala Building Collapse: हरियाणा के अंबाला में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गांव घुलकोट (Ghulkot) में निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में करीब 30 मजदूरों के दबे होने की आशंका है।

हादसे में अब तक चार मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 9 मजदूरों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

 

5 JCB और SDRF की टीम जुटी

मलबे को हटाने के लिए मौके पर पांच JCB मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा हाइड्रा मशीन की मदद से भी मलबा हटाया जा रहा है। दबे हुए मजदूरों की तलाश के लिए डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया है। रात के समय रेस्क्यू अभियान में परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक लाइट की व्यवस्था की गई है।

हादसे (Ambala Building Collapse) की सूचना मिलते ही SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य में जुट गई। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। SDM के अलावा बीजेपी के जिला अध्यक्ष मनदीप राणा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

चार मृतकों की हुई पहचान

प्रशासन के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले चारों मजदूरों की पहचान कर ली गई है।

  • राजेंद्र अंबाला के सोण्डा गांव के रहने वाले थे।
  • कलिया उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के निवासी थे।
  • 50 वर्षीय शास्त्री उत्तर प्रदेश के बहराइच के रहने वाले थे।
  • रूप सिंह पंजाब के गांव डांग डेरा के निवासी थे।

फिलहाल राहत और बचाव टीमों का पूरा ध्यान मलबे में फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द बाहर निकालने पर है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन को लगातार तेज किया जा रहा है।

Also Read: LPU में बवाल, छात्रा के रेप-आत्महत्या की अफवाह पर भड़के छात्र, कैंपस मे मचाया बवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.