LPU में बवाल, छात्रा के रेप-आत्महत्या की अफवाह पर भड़के छात्र, कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी

LPU Protest: जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात एक वायरल दावे के बाद भारी बवाल हो गया। सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित रेप और उसके बाद आत्महत्या की बात सामने आने के बाद करीब 2 हजार छात्र गर्ल्स हॉस्टल के पास जुट गए। हालांकि, पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इन दावों की अब तक पुष्टि नहीं की है।

वायरल पोस्ट में एक कर्मचारी पर भी आरोप लगाए गए थे। इसके बाद छात्रों का गुस्सा बढ़ गया और प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की, खिड़कियों के शीशे तोड़े, ईंट और गमले फेंके तथा कुछ इमारतों के हिस्सों में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे भी घेर लिया था, जिसे बाद में खुलवा दिया गया।

पुलिस को नहीं मिला घटना का सबूत

SSP गौरव तूरा (Gaurav Toora) ने बताया कि एक वायरल मैसेज के जरिए इस घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची थी। कुछ छात्रों ने छात्रा की आत्महत्या का दावा किया, जबकि कुछ ने रेप की बात कही। लेकिन अभी तक पुलिस को इन दावों की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है और न ही इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन (LPU Protest) के दौरान यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और अब स्थिति नियंत्रण में है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब इससे एक दिन पहले पटियाला के पास चितकारा यूनिवर्सिटी (Chitkara University) में भी छात्रों के विरोध प्रदर्शन की घटना सामने आई थी। फिलहाल LPU मामले में पुलिस वायरल दावों की सत्यता और कैंपस में हुए नुकसान, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।

Also Read: UP से हिमाचल तक बारिश का रौद्र रूप, कहीं मकान गिरे तो कहीं नदियां उफनीं, 15 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.