हरदोई में HDFC बैंक मैनेजर समेत 5 लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप, लाखों की ठगी का मामला दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: हरदोई जिले में एचडीएफसी बैंक के एक मैनेजर समेत पांच लोगों पर समूह रोजगार योजना के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने बैंक अधिकारियों और अन्य सहयोगियों पर संगठित तरीके से धोखाधड़ी कर बैंक खाता खुलवाने, एटीएम हड़पने और खाते से रकम उड़ाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
घटना हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के टिकारी गांव की है, जहां के रहने वाले रामकुमार पुत्र धनई ने HDFC बैंक के मैनेजर और उसके सहयोगियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। रामकुमार का कहना है कि सूरज पुत्र राम भरोसे (निवासी प्रतापपुर, थाना कछौना, हरदोई) और रोहित कुमार स्वर्णकार पुत्र रामनरेश (निवासी मोकटरा बाजार, शाहजहांपुर) नाम के व्यक्तियों ने खुद को रोजगार योजना से जुड़ा बताया और कम ब्याज दर पर ऋण दिलवाने का झांसा देकर उसे HDFC बैंक, सिनेमा चौराहा ब्रांच में खाता खुलवाने के लिए राजी किया।
कैसे हुई ठगी?
रामकुमार के अनुसार, खाते की प्रक्रिया के दौरान आरोपियों ने उसे एक नया मोबाइल सिम कार्ड दिया और कहा कि इस सिम से खाता खोलना जरूरी है क्योंकि ये खाता केवल ऋण से संबंधित है। खाता खुलते ही सिम कार्ड आरोपियों ने वापस ले लिया और खाते का एटीएम कार्ड भी यह कहकर अपने पास रख लिया कि “अभी इसमें अपडेट होना है।” इसके बाद, आरोपियों ने उस खाते का बेजा इस्तेमाल करते हुए लाखों रुपये का लेन-देन कर दिया। पीड़ित को इस बात की जानकारी तब हुई जब उसके मोबाइल पर एक समूह सदस्य के नंबर से ट्रांजैक्शन का मैसेज आया।
बैंक से संपर्क किया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी
रामकुमार का कहना है कि जब उसने बैंक से संपर्क कर खाता बंद कराने की कोशिश की, तब तक खाते में से लाखों रुपये की रकम निकाल ली गई थी। जब पीड़ित ने आरोपियों से इस बारे में बात की तो उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि “आपकी सिविल स्कोर जांची जा रही है।” कुछ ही दिन बाद रामकुमार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ थाने से एक नोटिस प्राप्त हुआ जिसमें धारा 169/94 बीएनएस और IPC की धारा 420 के तहत एक केस में तलब किया गया था। नोटिस में लिखा था कि तीन दिनों के भीतर थाने में हाजिर होना अनिवार्य है।
एफआईआर दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित रामकुमार ने इस पूरे मामले की शिकायत हरदोई के पुलिस अधीक्षक से की। एसपी के आदेश पर कछौना थाना में सूरज, रोहित, बैंक मैनेजर HDFC बैंक हरदोई ब्रांच और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने पुष्टि की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Azamgarh: पारिवारिक कलह में युवक ने मां और बच्चों को मारी गोली, तीन की मौत

