Hapur News: सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार 5 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में देर रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन ने बाइक पर सवार लोगों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक पर सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया है। यह दर्दनाक घटना हाफिजपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर हुई।
स्विमिंग कर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, मृतक दानिश (36 वर्ष), और उसके साथ बच्चे माहिरा (6 वर्ष), समायरा (5 वर्ष – दानिश की पुत्री), समर (8 वर्ष) और माहिम (8 वर्ष), ये सभी एक ही बाइक पर सवार होकर गुलावठी के गांव मिठ्ठेपुर स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी हाफिजपुर थाना क्षेत्र में एक कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार सभी पांचों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सभी को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, नशे में होने की आशंका
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। हाफिजपुर के एसएचओ आशीष पुंडीर ने आशंका जताई है कि बाइक चला रहा दानिश नशे में हो सकता था, जिसकी वजह से वह बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाया। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों की टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और एक बाइक पर इतनी अधिक सवारियों के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: पीएम मोदी को घाना का सर्वोच्च सम्मान, अब तक 24 देश कर चुके हैं सम्मानित

