दिन में चलाते थे ऑटो, रात में करते थे चोरी, लखनऊ में 5 शातिर चोर गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने, घरेलू सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामला पीजीआई थाना क्षेत्र का है। पीड़िता प्रतिभा सिंह, पत्नी शहीद शैलेन्द्र सिंह तोमर, ने 14 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव से लौटने पर उनके घर के ताले टूटे मिले और सोने-चांदी के गहनों सहित कई घरेलू सामान चोरी हो चुके थे।
इसके बाद पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद ने तीन टीमों का गठन किया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर 16 जुलाई को डलौना रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ऑटो चलाते थे, पैसों की तंगी में करते थे चोरी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम, शनि कुमार, दिलीप, गोविंद लाल और नितिन के रूप में हुई है। सभी रायबरेली के रहने वाले हैं और ऑटो चालक का काम करते हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे पहले बंद मकानों की रेकी करते थे, फिर मौका मिलते ही चोरी कर सामान आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने उनके पास से दो जोड़ी पाजेब, सोने का लॉकेट, टॉप्स, अंगूठी, गैस सिलेंडर, मिक्सी, गैस चूल्हा, कुकर और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Also Read: अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- डबल इंजन सरकार में किसान सबसे ज्यादा परेशान

