बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं 55 फीसदी मुस्लिम समाज के अभिभावक
Sandesh Wahak Digital Desk: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के सामाजिक कार्य विभाग द्वारा किए गए एक अध्ययन ने मुस्लिम समाज में सोच के बदलाव की नई तस्वीर पेश की है। रिपोर्ट के मुताबिक, अब 55 फीसदी मुस्लिम अभिभावक चाहते हैं कि उनकी बेटियां नौकरी करें और आत्मनिर्भर बनें। पहले जहां समाज में यह धारणा थी कि बेटियां घर की दहलीज तक ही सीमित रहें, अब वही अभिभावक उन्हें उच्च शिक्षा और बेहतर करियर दिलाने की इच्छा रखते हैं।
पांच साल का अध्ययन
असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद उजैर और उनकी टीम ने 2020 से 2025 के बीच लोधा और जवां ब्लॉक के 400 अभिभावकों से बातचीत कर यह अध्ययन तैयार किया। इनमें 265 पुरुष और 135 महिला अभिभावक शामिल थे। अध्ययन में पाया गया कि 31 फीसदी अभिभावक चाहते हैं कि उनकी बेटियां उच्च शिक्षा हासिल करें, जबकि 55 फीसदी चाहते हैं कि वे नौकरी करें और अपने सपनों को पूरा करें।
परिवर्तन की नई लहर
एएमयू के सह कुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने इस अध्ययन को मुस्लिम समाज में सकारात्मक सोच की ओर एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा, अगर 55 फीसदी मुस्लिम अभिभावक चाहते हैं कि उनकी बेटियां सरकारी नौकरियों में जाएं और तालीम हासिल करें, तो यह सर सैयद अहमद खां की सोच की दिशा में एक मजबूत कदम है। यही सोच समाज को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाएगी। अध्ययन में यह भी सामने आया कि ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों की कमी, सामाजिक दबाव और आर्थिक निर्भरता जैसी बाधाएं अब भी मौजूद हैं। कमजोर वर्गों के कई परिवारों के लिए बेटियों की शिक्षा और रोजगार अभी भी एक चुनौती बना हुआ है।
शिक्षा ही असली बदलाव की कुंजी
अध्ययन टीम के मार्गदर्शक प्रो. नसीम अहमद खान ने कहा, शिक्षा ही मुस्लिम समाज में स्थायी बदलाव की असली कुंजी है। जैसे-जैसे अभिभावकों की सोच बदल रही है, आने वाले वर्षों में मुस्लिम महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ेगी।” अध्ययन के दौरान यह भी पूछा गया कि अभिभावक अपनी बेटियों की शादी कब करना चाहते हैं, क्या वे उन्हें शहर या देश से बाहर नौकरी करने देंगे, और शिक्षा पर अपनी आमदनी का कितना हिस्सा खर्च कर रहे हैं। जवाबों से साफ है कि अब मुस्लिम समाज में नई पीढ़ी अपनी बेटियों को केवल ‘घर की इज्जत’ नहीं बल्कि ‘समाज की शक्ति’ के रूप में देख रही है।
Also Read: Meerut News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चला बुलडोजर, सेंट्रल मार्केट में अवैध कॉम्प्लेक्स ध्वस्त

