मुंबई के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत गिरने से 8 लोगों की मौत, मलबे में दबे कई लोग
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक भीषण हादसा सामने आया है, जहाँ एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। एनडीआरएफ के अनुसार, इस हादसे में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है। मलबे के नीचे अभी भी 2 से 3 लोगों के दबे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, जिन्हें निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। बताया जा रहा है कि इमारत में मरम्मत का कार्य चल रहा था। खतरा भांपकर कई मजदूरों ने समय रहते बिल्डिंग खाली कर दी थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
जान बचाने के लिए पहली मंजिल से लगा दी छलांग
हादसे में बचे चश्मदीद दीपक कुमार यादव ने भयानक मंजर को बयां करते हुए बताया कि रात के खाने के बाद सभी सो रहे थे, तभी अचानक एक जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ पूरी इमारत गिर गई। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और बाहर निकलने का रास्ता बंद होने के कारण उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए सीधे पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। वहीं अभय कुमार यादव नामक पीड़ित ने बताया कि इमारत में लगभग 45 कमरे हैं और हादसे के वक्त 25 से 30 लोग मौजूद थे। वे भी पहली मंजिल से कूदे, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
स्थानीय निवासी नेहा सिंह अपने लापता पति रंजीत सिंह को ढूंढ रही हैं। उन्होंने रोते हुए बताया कि उनके पति रात करीब 11:30 बजे कुछ जांच करने नीचे गए थे और ठीक 10 मिनट बाद इमारत ढह गई। उनके पति का फोन बज रहा है लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है। एक अन्य चश्मदीद संगीता प्रजापति ने बताया कि वे पार्किंग एरिया में थीं जब उन्हें बिल्डिंग के चटकने की आवाज आई। भागते-भागते वे भी मलबे की चपेट में आकर घायल हो गईं।
राहत कार्य में जुटी एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीमें, फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। घायलों को तुरंत पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
Also Read: बाढ़ से असम के 8 जिलों में 2.12 लाख लोग प्रभावित, अब तक 80 की मौत

