UP में 9 IPS अफसरों के तबादले, जय नारायण सिंह बने EOW के नए डीजी, आलोक सिंह को PAC की कमान

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक तंत्र को और अधिक मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। इस ट्रांसफर लिस्ट में कई डीजी और एडीजी स्तर के कद्दावर अफसरों के नाम शामिल हैं। नई तैनाती के तहत, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जय नारायण सिंह को यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड से हटाकर पुलिस महानिदेशक, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW), उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बिनोद सिंह संभालेंगे UP-112 की अतिरिक्त कमान

प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में ध्रुव कान्त ठाकुर को पुलिस महानिदेशक/महासमादेष्टा, होमगार्ड के साथ-साथ अब नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) का भी अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है। वहीं, सीआईडी और साइबर क्राइम के साथ कानून व्यवस्था संभाल रहे बिनोद कुमार सिंह की जिम्मेदारी को और बढ़ाते हुए सरकार ने उन्हें आपातकालीन सेवा यूपी-112 लखनऊ का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंप दिया है।

कानपुर और आगरा जोन को मिले नए एडीजी

योगी सरकार ने आलोक सिंह को पीएसी (PAC) मुख्यालय, उत्तर प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया है, इसके साथ ही वे विशेष सुरक्षा बल (SSF) का अतिरिक्त जिम्मा भी देखेंगे। वहीं, महिला अफसर अनुपम कुलश्रेष्ठ को कानपुर जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) बनाया गया है। आगरा जोन की कमान अब एडीजी एस. के. भगत के हाथों में होगी।

इसके अलावा, ए. सतीश गणेश को यातायात एवं सड़क सुरक्षा निदेशालय के साथ-साथ अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. आरके स्वर्णकार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नियुक्त किया गया है, जबकि गीता सिंह को पुलिस महानिरीक्षक (IG), प्रशिक्षण निदेशालय, लखनऊ के पद पर नई तैनाती मिली है।

Also Read: पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान मारा गया, PoK में अज्ञात हमलावर ने मारी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.