दीदी कहकर फुसलाया, फिर बस में की हैवानियत, फरार आरोपी पर एक लाख का इनाम

Sandesh Wahak Digital Desk: पुणे पुलिस ने यहां स्वारगेट बस अड्डा पर राज्य परिवहन की एक बस के अंदर 26 वर्षीय महिला से बलात्कार करने के आरोपी कुख्यात बदमाश की गिरफ्तारी में मदद के लिए सूचना देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे (37) की तलाश में पुलिस की 13 टीम जुटी हुई है। वह मंगलवार की सुबह हुई घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने फरार आरोपी का फोटो भी जारी कर दी है।

पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि उसके बारे में सूचना देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि गाडे के बारे में सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। गाडे के खिलाफ पुणे और पास के अहिल्यानगर जिले में चोरी, डकैती और चेन झपटमारी के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं और वह इनमें से एक अपराध में 2019 से जमानत पर बाहर है। पुणे शहर में स्वारगेट महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के सबसे बड़े बस डिपो में से एक है।

दीदी कहकर फुसलाया था

पीड़िता के अनुसार, जब वह मंगलवार सुबह करीब पांच बजकर 45 मिनट पर एक प्लेटफॉर्म पर सतारा जिले के फलटण के लिए बस का इंतजार कर रही थी, तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और उसे ‘दीदी’ कहकर बुलाया। पीड़िता ने बताया कि शख्स ने उसे बातचीत में उलझा लिया और कहा कि सतारा के लिए बस दूसरे प्लेटफॉर्म पर आ गई है।

वह उसे स्टेशन परिसर में ही खड़ी खाली ‘शिव शाही’ एसी बस में ले गया। बस के अंदर लाइट नहीं जली थीं, इसलिए महिला पहले तो बस में चढ़ने से हिचकिचाई, लेकिन व्यक्ति ने उसे यकीन दिलाया कि यही सही वाहन है।

मेडिकल क्षेत्र में काम करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वह उसके पीछे पीछे बस के अंदर गया और उससे बलात्कार कर वहां से भाग गया। पुणे के मध्य में हुई इस चौंकाने वाली घटना से हंगामा मच गया और विपक्ष ने महिला सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की।

Also Read: Lucknow News: रुपयों के लेनदेन को लेकर प्रॉपर्टी डीलरों के बीच फायरिंग, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.