दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश से मिली राहत, कई जगहों पर यातायात बाधित

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर शनिवार दोपहर तक भीषण गर्मी से झुलस रहा था। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका था और लोग गर्मी से बेहाल थे। लेकिन करीब तीन बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए, तेज हवाएं चलने लगीं और फिर शुरू हुई धूलभरी आंधी और बारिश।

हालांकि इस बदले मौसम से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। नोएडा और दिल्ली के कई हिस्सों में पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और सिग्नल लाइट्स भी गिर गए, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई।

नोएडा में भारी नुकसान, कई हादसे टले

नोएडा में सेक्टर-27 के डीएम चौराहे पर तेज हवा के चलते ट्रैफिक सिग्नल का खंभा टूटकर एक कार पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। वहीं सेक्टर-9 के ए-ब्लॉक में एक पेड़ तेज हवाओं के चलते जड़ से उखड़कर एक ई-रिक्शा पर गिर गया। सौभाग्य से उस समय रिक्शा में कोई यात्री नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

डीएनडी फ्लाईवे पर यातायात बाधित

दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाला डीएनडी फ्लाईवे भी इस तूफानी मौसम की चपेट में आ गया। यहां एक बड़ा पेड़ गिरने से दोनों ओर का यातायात ठप हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीमों ने पेड़ को हटाने का काम शुरू किया, लेकिन स्थिति सामान्य होने में काफी वक्त लग गया।

मेट्रो सेवाएं भी हुईं प्रभावित

अशोक नगर स्थित आरआरटीएस नमो भारत स्टेशन पर आंधी की वजह से टीनशेड उड़ गया। सुरक्षा के मद्देनज़र कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

नोएडा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की टीमों ने हालात पर काबू पाने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। गिरे हुए पेड़ों और टूटे खंभों को हटाया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम साफ होने तक घर के अंदर रहें और बाहर निकलते समय सतर्कता बरतें।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही शनिवार को धूलभरी आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की थी और येलो अलर्ट भी घोषित किया गया था। आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।

Also Read: AAP को तगड़ा झटका, 15 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, मुकेश गोयल ने बनाई ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.