Gonda: छपिया में खुदाई के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी के नीचे दबकर तीन लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के पिपरा माहिम गांव में बुधवार की रात मजार के पास जेसीबी से हो रही खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव स्थित मासूम-ए-मिल्लत की मजार के दोनों ओर खुदाई का कार्य चल रहा था। यह कार्य मजार की देखरेख कर्ता फरजान रजा की निगरानी में हो रहा था। रात करीब नौ बजे जेसीबी से मिट्टी हटाई जा रही थी, तभी अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। मलबे में फरजान रजा (38 वर्ष), शकील मोहम्मद (50 वर्ष), अशद (14 वर्ष) निवासी पिपरा माहिम और फ़क़ीर मोहम्मद (20 वर्ष) निवासी रजवापुर, थाना मनकापुर दब गए।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल फरजान रजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाहनगर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज हेतु रेफर किया गया। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। वहीं शकील, अशद और फ़क़ीर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष छपिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शांति व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से गांव शोक में डूबा हुआ है।

Also Read: UP News: लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश से बदला मौसम, इन इलाकों में गिर सकते हैं ओले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.