क्रिकेट में नया कैच रूल: फील्डिंग में ‘हवा बाजी’ पर लगी लगाम, इस तारीख से नियम होगा लागू
Sandesh Wahak Digital Desk: क्रिकेट के खेल में एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कैच पकड़ने के नियमों में संशोधन को लेकर मार्लीबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने बड़ा फैसला लिया है, जो खेल के भविष्य को सीधे प्रभावित करेगा।

नया नियम 17 जून 2025 से लागू होगा, और MCC की आधिकारिक नियमावली में इसे अक्टूबर 2026 से शामिल किया जाएगा। इस नियम के लागू होने के बाद कुछ चर्चित कैच – जैसे माइकल नेसर का बिग बैश लीग 2023 में पकड़ा गया कैच – अब अवैध माने जाएंगे।
नया नियम क्यों लाया गया?

टी20 क्रिकेट के आने के बाद कई फील्डर्स बाउंड्री लाइन के पास गेंद को हवा में उछालकर दोबारा मैदान के अंदर आकर कैच लेते नजर आए हैं। इससे नियमों को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई थी।
खासकर बिग बैश लीग 2023 में माइकल नेसर का कैच और 2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सूर्यकुमार यादव के कैच ने इस बहस को और तेज कर दिया।
क्या था पुराना नियम?

पुराने नियमों के तहत अगर कोई फील्डर बाउंड्री के बाहर हवा में होता है और गेंद को हाथ लगाता है, तो वह दोबारा हवा में रहते हुए भी गेंद को टच कर सकता है, बशर्ते उसका शरीर ज़मीन से संपर्क में न हो।
इस नियम के कारण कई जटिल और भ्रमित करने वाली परिस्थितियाँ बनीं।
क्या कहता है नया नियम?
नए नियम के अनुसार-
-
कोई फील्डर अगर बाउंड्री लाइन के बाहर हवा में है, तो वह गेंद को सिर्फ एक बार ही टच कर सकता है।
-
अगर वह गेंद को बाउंड्री के अंदर धकेलता है, तो उसे कैच वैध तभी माना जाएगा जब वह खुद दोबारा मैदान के अंदर आकर कैच पूरा करे।
सूर्यकुमार यादव का कैच रहेगा वैध

2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में डेविड मिलर का हवाई शॉट बाउंड्री पार जा रहा था, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री के अंदर रहते हुए गेंद को हवा में उछाला।
उनका संतुलन बिगड़ा और वे बाउंड्री पार चले गए, लेकिन फिर मैदान में लौटकर कैच पूरा किया। यह कैच नए नियमों के अंतर्गत पूरी तरह वैध रहेगा, क्योंकि उन्होंने गेंद को बाउंड्री पार जाने से पहले ही उछाल दिया था।
नेसर जैसे कैच अब होंगे अवैध
माइकल नेसर ने बाउंड्री के बाहर हवा में रहते हुए गेंद को कई बार टच किया और आखिर में कैच पूरा किया था।
नए नियम के अनुसार, ऐसा कैच अब मान्य नहीं होगा क्योंकि बाउंड्री के बाहर रहते हुए गेंद को एक से अधिक बार छूना अब नियमों के विरुद्ध होगा।
Also Read: IPL जीत के सेलिब्रेशन में मची भगदड़ के बाद BCCI का बड़ा कदम

