बदायूं के नुमाइश मेले में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें जलकर राख, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: सोमवार सुबह बदायूं शहर के गांधी मैदान में लगे नुमाइश मेले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि 20 से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो गईं, और वहां मौजूद गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

आग की लपटें उठती देख मेले में मौजूद दुकानदारों और लोगों के बीच हड़कंप मच गया। दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। कई दुकानों में रखे सिलेंडर धमाकों के साथ फटे, जिससे स्थिति और भी डरावनी हो गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, एसडीएम सदर मोहित सिंह और सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में क्रॉकरी, खिलौनों, और कपड़ों की दुकानों को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचा है।

कई महिला दुकानदार मौके पर रो पड़ीं, उनकी पूरी मेहनत की कमाई आग की भेंट चढ़ गई। आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्रशासन जांच में जुटा है।

Also Read: Lucknow: सपा ने तीन विधायक पार्टी से किया बाहर, क्रॉस वोटिंग बना वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.