Lucknow: दो शातिर चोर गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर और नकदी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में बकरियों की हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये चोर चार पहिया वाहन से गांव-गांव घूमकर बकरियों की रेकी करते और रात में उन्हें चुराकर बाजार में बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7,230 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।

कैसे खुला मामला

24 जून को ग्राम ललूमर और ग्राम डबेरिया भरसंवा के दो ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दी कि उनकी चार बकरियां चोरी हो गई हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत दो टीमों का गठन कर जांच शुरू की। हाइवे और गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि दोनों जगहों पर एक ही कार से चोर आए थे।

25 जून को सैय्यद बाबा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी की गई बकरियों को हैदरगढ़ (बाराबंकी) के बाजार में 17,000 रुपये में बेच दिया, और पैसे आपस में बांट लिए।

गिरफ्तार आरोपी

शारिक अब्बास, निवासी – गढ़ी मन्सारा, थाना असन्दरा, जिला बाराबंकी, उम्र – 25 वर्ष

सूरज उर्फ भोला, निवासी – ग्राम रतौली खटोला, थाना बंथरा, जिला लखनऊ, उम्र – 23 वर्ष

बरामदगी

नकद ₹7,230/- (बकरी बिक्री से प्राप्त धन)

चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर: UP32TN8219)

चोरी का तरीका (Modus Operandi)

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन में ग्रामीण इलाकों में जाकर उन स्थानों को चिन्हित करते थे, जहाँ बकरियां खुली या बाहर बंधी होती थीं। रात में उसी स्थान पर आकर वे चार पहिया वाहन से बकरियां उठा ले जाते थे और अगले दिन उन्हें स्थानीय पशु बाजारों में बेच देते थे।

आपराधिक इतिहास

शारिक अब्बास और सूरज उर्फ भोला दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सरोजनीनगर, गोसाईगंज, सुशांत गोल्फ सिटी और मोहनलालगंज थानों में दर्ज बकरी चोरी के केस शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इन चोरों ने अन्य थानों में भी इसी तरह की घटनाएं की हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Also Read: Lucknow: मड़ियांव पुलिस ने 4 किलो गांजा और 70 हजार नकद के साथ तीन तस्कर दबोचे, ई-रिक्शा भी जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.