ICC को मिला नया CEO: संजोग गुप्ता ने संभाला कार्यभार, 2500 से ज्यादा उम्मीदवारों में से हुआ चयन
Sandesh Wahak Digital Desk: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार को संजोग गुप्ता को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने की औपचारिक घोषणा की।
संजोग गुप्ता ने आज, 7 जुलाई से आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया है। वह ICC के इतिहास में 7वें सीईओ बने हैं।
इस प्रतिष्ठित पद के लिए ICC को 25 देशों से 2,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। ICC की HR और रेम्यूनरेशन कमेटी द्वारा 12 योग्य उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिसके बाद नॉमिनेशन कमेटी ने अंतिम चयन किया। सभी बोर्ड सदस्यों की सर्वसम्मति से संजोग गुप्ता को यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई।

ICC चेयरमैन जय शाह का बयान
ICC चेयरमैन जय शाह ने संजोग की नियुक्ति पर कहा-
“संजोग गुप्ता के पास खेल रणनीति, मीडिया और व्यावसायीकरण का व्यापक अनुभव है, जो ICC के भविष्य के लिए अमूल्य साबित होगा। यह नियुक्ति क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में बड़ा कदम है।”
संजोग गुप्ता ने क्या कहा?
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए संजोग गुप्ता ने कहा-
“यह अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है, खासकर ऐसे समय में जब क्रिकेट वैश्विक विस्तार की दिशा में अग्रसर है। विश्वभर में लगभग 2 अरब प्रशंसकों के साथ यह खेल आज एक निर्णायक मोड़ पर है।”
उन्होंने आगे कहा-
“ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी इस खेल के लिए ऐतिहासिक क्षण है। मैं ICC सदस्य बोर्डों के साथ मिलकर काम करने, प्रशंसक अनुभव को बेहतर बनाने और वैश्विक स्तर पर क्रिकेट की पहुँच बढ़ाने को लेकर उत्साहित हूं।”
कौन हैं संजोग गुप्ता?
संजोग गुप्ता मीडिया, खेल और प्रसारण क्षेत्र के अनुभवी रणनीतिकार हैं।
-
उन्होंने हाल ही में Jio Star में CEO – Sports & Experiences के रूप में कार्य किया।
-
20 वर्षों के करियर में वह पत्रकार, मीडिया लीडर और खेल प्रशासक के रूप में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
-
2004 में उन्होंने Star News India के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।
-
2020 में उन्हें Disney Star का स्पोर्ट्स हेड बनाया गया, और 2024 में Disney Star व Viacom-18 के मर्जर के बाद वह Jio Star के CEO बने।
क्रिकेट के लिए निर्णायक समय
संजोग की नियुक्ति ऐसे वक्त पर हुई है जब क्रिकेट को ओलंपिक 2028 (लॉस एंजेलिस) में शामिल किया गया है। ICC की दृष्टि में यह कदम क्रिकेट को वैश्विक खेलों की पहली पंक्ति में शामिल करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो सकता है।

