Siddharthnagar: नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई, कैसीनो से लौट रहे 5 लोग 7.52 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले की भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी और स्थानीय पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर अवैध गतिविधियों पर रोक लगा दी है। ककरहवा बॉर्डर चेक पोस्ट पर जांच के दौरान जवानों ने ₹7,52,000 की भारतीय मुद्रा के साथ 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी युवक नेपाल के भैरहवा स्थित टाइगर कैसिनो में जुआ खेलकर यह रकम जीतने का दावा कर रहे हैं और उसे भारत में अवैध रूप से ला रहे थे।
कैसे हुआ खुलासा?
43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ककरहवा सीमा चौकी पर तैनात जवानों और स्थानीय पुलिस द्वारा रविवार को नियमित जांच के दौरान एक कार को रोका गया, जो नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही थी। कार में सवार पांच व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
जांच के दौरान, कार से ₹6 लाख नकद और एक युवक की जेब से ₹1.52 लाख की अतिरिक्त रकम बरामद हुई। कुल मिलाकर ₹7,52,000 भारतीय मुद्रा मिलने पर जवानों ने सभी को हिरासत में ले लिया।
कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला
पूछताछ में जब जवानों ने रकम से जुड़े दस्तावेज मांगे तो कोई वैध कागज नहीं प्रस्तुत किया गया। तब इन युवकों ने बताया कि ये रकम उन्होंने भैरहवा स्थित टाइगर कैसिनो में जुआ खेलकर जीती है, और भारत में ले जाकर उपयोग करना चाहते थे।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान
- प्रवीण कुमार यादव, 27 वर्ष, पुत्र सूर्यभान यादव – ग्राम भड़समनोपुर, पोस्ट कोपागंज, जिला मऊ
- मुकेश तिवारी, 28 वर्ष, पुत्र सुरेंद्र तिवारी – ग्राम हिकमा, पोस्ट कोपागंज, जिला मऊ
- अभिषेक तिवारी, 26 वर्ष, पुत्र सचितानंद तिवारी – ग्राम हिकमा, पोस्ट कोपागंज, जिला मऊ
- वसीम अहमद, 27 वर्ष, पुत्र नबी मोहम्मद – ग्राम तुर्कवालिया, जिला गोरखपुर
- अरुण यादव, 28 वर्ष, पुत्र शिवानंद यादव – ग्राम भड़समनोपुर, पोस्ट कोपागंज, जिला मऊ
मुद्रा, कार जब्त, केस सीमा शुल्क विभाग को सौंपा गया
गिरफ्तार युवकों से बरामद पूरी राशि ₹7,52,000 और वाहन को सीमा शुल्क कार्यालय, ककरहवा को सौंप दिया गया है। आगे की कानूनी कार्यवाही वहां से शुरू की गई है। एसएसबी के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी, नकली करेंसी, नशीले पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए नाका चेकिंग, पेट्रोलिंग और अन्य निगरानी अभियान लगातार जारी हैं। यह कार्रवाई इसी सतर्कता का हिस्सा है।
Also Read: Siddharthnagar News: मामूली कहासुनी के बाद फावड़े से काटकर युवक की हत्या, इलाके में सनसनी

