प्रयागराज बवाल के उपद्रवियों से नैनी जेल में मिलने पहुंचे अजय राय, बोले- निर्दोषों को फंसाया गया

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज के करछना हिंसा मामले में जेल भेजे गए आरोपियों से उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को नैनी सेंट्रल जेल में मुलाकात की। उनके साथ कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया (बाराबंकी) और उज्ज्वल रमन सिंह (इलाहाबाद) भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान आरोपियों को कानूनी मदद देने का आश्वासन दिया और कहा कि कई निर्दोष लोगों को पुलिस ने घरों से उठाकर जेल भेजा है।

अजय राय का आरोप: पुलिस ने निर्दोषों पर की ज्यादती

जेल से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में अजय राय ने कहा, “करछना में जो कुछ भी हुआ, उसमें कई ऐसे लोग भी जेल में हैं जिनका कोई दोष नहीं था। पुलिस ने घरों में घुसकर युवाओं को पकड़ा और अमानवीय व्यवहार किया। कांग्रेस पार्टी उनके लिए कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी।”

क्या है करछना बवाल मामला?

दरअसल, 29 जून को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद को प्रयागराज के करछना जाते समय पुलिस ने रोक लिया था। इस खबर के फैलते ही करछना में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, दुकानों में तोड़फोड़ की, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हुए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

पुलिस ने हिंसा के आरोप में अब तक 80 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन्हीं लोगों से मिलने के लिए कांग्रेस नेता नैनी जेल पहुंचे थे।

कांग्रेस की ‘संवेदनशीलता’ या ‘सियासत’?

कांग्रेस के इस कदम को जहां कुछ लोग संवेदनशीलता बता रहे हैं, वहीं कुछ राजनीतिक हलकों में इसे सियासी रणनीति भी माना जा रहा है। बीजेपी और अन्य दल कांग्रेस पर उपद्रवियों के साथ खड़े होने का आरोप लगा सकते हैं। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि उनका मकसद सिर्फ निर्दोषों के लिए न्याय सुनिश्चित करना है।

करीब आधे घंटे की मुलाकात

नैनी जेल में तीनों नेताओं की करीब 30 मिनट तक आरोपियों से बातचीत हुई। इस दौरान आरोपियों ने अपनी आपबीती सुनाई और मदद की गुहार लगाई। अजय राय ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी उनका केस लड़ेगी और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

Also Read: Varanasi: रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे, अनुप्रिया पटेल ने बांटे नियुक्ति पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.