पंजाब में AAP विधायक के 7 ठिकानों पर ED की छापेमारी, सरकारी जमीन हड़पने का आरोप

ED Raid Punjab: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के खिलाफ कार्रवाई की है। बुधवार को ED की टीमों ने मोगा से विधायक अमनदीप कौर और उनके परिवार से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इस मामले में कुल सात जगहों पर तलाशी ली गई। इनमें विधायक का आवास भी शामिल है।

विधायक पर सरकारी संपत्तियों को धोखाधड़ी से हासिल करने का आरोप है। ED की टीमों ने उनके परिवार के कुछ सदस्यों, सहयोगियों और अन्य लोगों से जुड़े ठिकानों की भी जांच की। इस दौरान विधायक के पति डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़े एक नशा मुक्ति केंद्र पर भी तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान ED की टीमों के साथ CRPF के हथियारबंद जवान भी मौजूद रहे।

मोगा सीट से AAP ने फिर बनाया उम्मीदवार

अमनदीप कौर अरोड़ा को आम आदमी पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में मोगा सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है। चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो सकती है।

ED ने विधायक के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया है। इससे पहले पंजाब पुलिस ने जून 2024 में इस मामले में FIR दर्ज की थी। बाद में ED ने इस केस की जांच अपने हाथ में ले ली।

नेशनल हाईवे के पास सरकारी जमीन से जुड़ा है मामला

FIR में आरोप लगाया गया है कि मोगा जिले में नेशनल हाईवे नंबर 754A के निर्माण के लिए अधिग्रहित सरकारी जमीन के म्यूटेशन में धोखाधड़ी की गई। इसके साथ ही जमीन के बदले मुआवजे का गलत तरीके से भुगतान किए जाने का भी आरोप है।

इसी मामले में ED ने विधायक, उनके परिवार और उनसे जुड़े अन्य लोगों के सात ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल छापेमारी से जुड़ी आगे की कार्रवाई और जांच के नतीजों की जानकारी सामने नहीं आई है।

Also Read: अमेरिका में अब्दुल की जीत पर ओवैसी की नजर, यूपी में मुस्लिम राजनीति को लेकर कही ये बात 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.