कैदियों के लिए करनाल जेल की अनूठी पहल, अब बंदी चलाएंगे पेट्रोल पंप
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के करनाल जिले की जेल में एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की शुरुआत हुई है। जेल प्रशासन ने कैदियों के सुधार और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के मकसद से जेल परिसर में ही एक पेट्रोल पंप खोला है, जिसे अब कैदी और बंदी ही चलाएंगे। रविवार को हरियाणा के जेल महानिदेशक (डीजी) मोहम्मद अकील ने इस पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया।
कैदियों को मिलेगा काम, बढ़ेगा अनुशासन
जेल डीजी मोहम्मद अकील ने बताया कि यह कदम कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा, “कैदियों को काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनमें सुधार आएगा। जब कैदी काम में व्यस्त रहेंगे, तो जेल के अंदर अनुशासन बना रहेगा और आपसी झगड़े भी कम होंगे। साथ ही, उन्हें इस काम के लिए मेहनताना भी मिलेगा, जिससे वे अपनी आय अर्जित कर सकेंगे।
पेट्रोल, डीजल के साथ CNG और चार्जिंग की भी सुविधा
पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि इस पेट्रोल पंप पर सिर्फ पेट्रोल और डीजल ही नहीं मिलेगा, बल्कि आने वाले समय में सीएनजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस पूरी परियोजना में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) की अहम भागीदारी रही है। डीजीपी मोहम्मद अकील ने बताया कि हरियाणा में इस तरह की यह पहली पहल नहीं है। कुरुक्षेत्र में ऐसा ही एक पंप पहले से ही सफलतापूर्वक चल रहा है। इसके अलावा, अंबाला, यमुनानगर और हिसार में भी ऐसे पेट्रोल पंप शुरू किए जा चुके हैं। आगामी समय में इस अनूठे मॉडल को फरीदाबाद, नूंह और सिरसा में भी लागू किया जाएगा।
Also Read: ‘मिलावट का दूसरा नाम है मिलीभगत’, अखिलेश यादव ने सरकार पर क्यों कसा ये तंज?

