‘मिलावट का दूसरा नाम है मिलीभगत’, अखिलेश यादव ने सरकार पर क्यों कसा ये तंज?
Sandesh Wahak Digital Desk: लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर ज्यादा मुनाफा कमाने वालों के खिलाफ आगरा में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मध्यप्रदेश से आए एक दूध टैंकर में पाए गए मिलावटी दूध को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। करीब 5,000 लीटर दूध को सड़क पर बहाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.25 लाख रुपये बताई गई है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश के कैलारस से बिना थर्मोस्टेट वाले टैंकर में दूध लाया जा रहा था। शक के आधार पर आगरा-बाह मार्ग पर थाना बसई अरेला क्षेत्र के पास खाद्य विभाग की टीम ने टैंकर को रोका और जांच की। शुरुआती परीक्षण में दूध मिलावटी और जनस्वास्थ्य के लिए खतरनाक पाया गया। इसके बाद उसे तुरंत सड़क पर बहाकर नष्ट कर दिया गया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का तंज
इस कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा “जिनकी सरकार ही मिलावटी है, वो क्या मिलावट का धंधा रोकेंगे? मिलावट का दूसरा नाम है मिलीभगत।”
खाद्य विभाग की टीम ने टैंकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद संबंधित डेयरी मालिक पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही दूध के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
Also Read: कुशीनगर में कार-ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत, सिद्धार्थनगर के 4 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत

