Delhi: नेवी और CRPF स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के दो नामी स्कूलों में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब उन्हें ई-मेल के ज़रिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। ये धमकी चाणक्यपुरी स्थित नेवी स्कूल और द्वारका के सीआरपीएफ स्कूल को भेजी गई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई।
जैसे ही यह जानकारी मिली, पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों स्कूलों को खाली कराया और सुरक्षा घेरा बना दिया। साथ ही बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) की टीम भी मौके पर तैनात कर दी गई।
अब तक की जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल दोनों स्कूल परिसरों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। लेकिन सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी देने वाला ई-मेल किस आईडी से और कहां से भेजा गया।
पहले भी मिल चुकी हैं इस तरह की धमकियां
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। पहले भी कई बार ई-मेल के जरिए बम की फर्जी धमकियां भेजी जा चुकी हैं, जिनका बाद में कोई आधार नहीं मिला। लेकिन हर बार पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए फुल प्रूफ जांच और सुरक्षा इंतजाम करती है।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
फिलहाल दोनों स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और अभिभावकों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, और जल्द ही धमकी भेजने वाले की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की अफवाह फैलाना या डर पैदा करना कानूनन गंभीर अपराध है, और साइबर टीम इस ई-मेल की तकनीकी पड़ताल में जुट गई है।
Also Read: मुजफ्फरनगर में STF को बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में माफिया मुख्तार अंसारी गिरोह का शूटर शाहरुख पठान ढेर

