Lucknow News: CM योगी ने कृषि वैज्ञानिकों को किया सम्मानित, किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में मंगलवार को उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (UPCAR) के 36वें स्थापना दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित किया और किसानों की तरक्की के लिए उनके योगदान को सराहा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर प्रकृति और ईश्वर की विशेष कृपा है, जिसके चलते राज्य के पास भरपूर सिंचित भूमि और अनुकूल जलवायु है। यही वजह है कि यहां कृषि उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि “प्रदेश में जितना कृषि उत्पादन हो रहा है, उससे तीन गुना ज्यादा करने की क्षमता मौजूद है। इसके लिए हमें शोध को बढ़ावा देना होगा और आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करना होगा।”

मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि साल 2030 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में बदल दिया जाए। इस दिशा में कृषि क्षेत्र की भूमिका अहम होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज भी प्रदेश में कृषि सबसे बड़ा रोजगार देने वाला सेक्टर है। इसके बाद MSME सेक्टर आता है, जो बड़ी संख्या में लोगों को रोज़गार देता है। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से अपील की कि वे अपनी रिसर्च को सीधे किसानों तक पहुँचाएं और उन्हें नए प्रयोगों से अवगत कराएं।

योगी ने यह भी कहा कि “किसानों की असली खुशहाली तभी संभव है जब उनकी लागत घटे और उन्हें अपनी उपज का उचित मुनाफा मिले। कृषि को फायदे का सौदा बनाना ही हमारी प्राथमिकता है।”

इस कार्यक्रम में वैज्ञानिकों की उपलब्धियों को सराहा गया और उन्हें सम्मानित कर प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका की सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अनुसंधान और नवाचार को कृषि में आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।

 

Also Read: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का अचानक इस्तीफा, स्वास्थ्य कारण या कोई राजनीतिक संदेश?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.