UP Politics: अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, बोले- UP में उपचुनाव लूटे गए, चुनाव आयोग चुप रहा
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और कन्नौज से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए उत्तर प्रदेश में निष्पक्ष चुनाव पर गहरी चिंता जताई। संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश ने यूपी में हुए उपचुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया और आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से लोकतंत्र को लूटा गया।
‘कुंदरकी, मीरापुर, मिल्कीपुर में चुनाव लूट लिए गए’
अखिलेश यादव ने कहा यूपी में चुनाव आयोग बिल्कुल भी सक्रिय नहीं है। कुंदरकी, मीरापुर और अयोध्या के मिल्कीपुर में जो उपचुनाव हुए, वो पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से लूट लिए गए। हम जितनी भी शिकायत करें, चुनाव आयोग कोई सुनवाई नहीं करता। न अफसरों का ट्रांसफर होता है, न ही किसी पर कार्रवाई।
उन्होंने आगे कहा कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों की शिकायत करने पर भी प्रशासन का रवैया टालने वाला रहता है। यूपी में हमने कई बार गड़बड़ियों के सबूत दिए, लेकिन आयोग आंख बंद कर लेता है।
संसद के बाहर प्रदर्शन में भी हुए शामिल
अखिलेश यादव ने यह बयान उस दिन दिया, जब वे संसद परिसर में बिहार में SIR (Special Intensive Revision) अभियान के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे। सभी विपक्षी नेताओं ने संसद के मकर द्वार के बाहर प्रदर्शन किया और मांग की कि बिहार में चल रहा SIR अभियान तुरंत बंद किया जाए।
भाजपा नहीं चाहती कि आम लोग वोट डालें
सपा प्रमुख ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि गरीब, मजदूर, पिछड़े या अल्पसंख्यक वोट डालें। बिहार में जो हो रहा है, वो वही पैटर्न है जो यूपी में अपनाया गया। प्रशासन और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हजारों-लाखों वोटर लिस्ट से नाम गायब कर दिए जा रहे हैं।
Also Read: RO/ARO की परीक्षा पर UP STF भी रखेगी पैनी नजर, नकल माफिया पर कसेगा शिकंजा

