जस्टिस यशवंत वर्मा की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई, विशेष बेंच का होगा गठन

Sandesh Wahak Digital Desk: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा की एक याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दे दी है। इस मामले में जल्द सुनवाई की मांग वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने की थी। सुप्रीम कोर्ट ने आश्वासन दिया है कि इस याचिका पर सुनवाई के लिए एक विशेष बेंच का गठन किया जाएगा, हालाँकि इस बेंच में मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई शामिल नहीं होंगे।

कपिल सिब्बल ने मुख्य न्यायाधीश की पीठ के सामने इस मामले को उठाते हुए कहा, इस मामले में कई संवैधानिक पहलू जुड़े हैं। हम आग्रह करते हैं कि इस अर्जी पर जल्द सुनवाई के लिए एक विशेष बेंच का गठन किया जाए। कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। विशेष बेंच के गठन के बाद ही सुनवाई की तारीख़ तय की जाएगी।

महाभियोग के प्रस्ताव का सामना कर रहे हैं जस्टिस वर्मा

जस्टिस यशवंत वर्मा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। विपक्षी दलों के 63 राज्यसभा सांसदों ने सोमवार को उन्हें हटाने के लिए राज्यसभा सभापति को प्रस्ताव का नोटिस सौंपा है। इसके अलावा, संसद के मानसून सत्र की शुरुआत में 145 लोकसभा सांसदों ने भी उनके ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव के लिए लोकसभा स्पीकर को ज्ञापन सौंपा था। सांसदों ने संविधान के अनुच्छेद 124, 217 और 218 के तहत यह कदम उठाया है।

क्या है कैश कांड

यह मामला 15 मार्च 2025 को तब सामने आया, जब जस्टिस यशवंत वर्मा के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर बड़ी मात्रा में नकदी मिली थी। इसके बाद उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। हालाँकि, जस्टिस वर्मा ने इन आरोपों से इनकार करते हुए इसे एक साज़िश बताया था। इस घटना के बाद जले और आधे जले नोटों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुआ था।

Also Read: Lucknow: मंडलायुक्त ने सौमित्र वन और झूलेलाल वाटिका का किया औचक निरीक्षण, दिए ये निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.