Lucknow News: फर्जी बेटिंग रैकेट चलाने वाले 16 गिरफ्तार, 1 करोड़ से ज़्यादा कैश बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पूर्वी ज़ोन की क्राइम ब्रांच और थाना गुडंबा की पुलिस टीम ने मिलकर साइबर ठगी के एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ किया है। टीम ने 23 जुलाई को शहर के स्मृति अपार्टमेंट में छापा मारकर ऑनलाइन फर्जी बेटिंग ऐप्स के जरिए ठगी करने वाले 16 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में कैश, डिवाइसेज़ और दस्तावेज़ बरामद किए हैं।

छापे में ये मिला
- ₹1,07,50,000 नकद
- 3 लैपटॉप
- 30 मोबाइल
- 79 ATM कार्ड
- 22 पासबुक
- 13 चेकबुक
- 13 आधार कार्ड
- 2 टैबलेट
- नोट गिनने की 2 मशीनें
- पुराने नोटों के टोकन
कैसे चलता था ठगी का खेल
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ये लोग “लोटस गेमिंग” जैसे अवैध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेटिंग की सुविधा देते थे। प्लेयर्स द्वारा जमा की गई रकम को ये गिरोह किराए पर लिए गए बैंक खातों के जरिए एकत्र करता था। ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके, वे ज्यादा से ज्यादा रकम को ATM से निकालकर कैश में बदल लेते थे।
गिरोह के कुछ सदस्य अलग-अलग राज्यों में लोगों को पैसे का लालच देकर उनसे बैंक खाते, ATM कार्ड और सिम कार्ड मंगवाते थे। इन्हीं खातों का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग, जालसाजी और साइबर ठगी के लिए किया जाता था।
गिरफ्तार हुए आरोपी
इस गिरोह में शामिल अधिकतर युवक छत्तीसगढ़ और गुजरात से हैं। प्रमुख नामों में प्रमोद साहू, साजिद अंसारी, सोहैल अशरफ खान, टिकैश कुमार यादव, अभय मिश्रा, अंश शर्मा सहित 16 लोग शामिल हैं। ऑनलाइन ठगी की इस साज़िश में प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग भूमिका थी कोई खाते खुलवाता था, कोई ट्रांजैक्शन करता था और कोई ATM से पैसे निकालता था। इनके पास मिले मोबाइल नंबर और खातों की जानकारी के आधार पर पुलिस अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गुडंबा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2)/318(4)/338/336/340(2)/111(3)/3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66C के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस को मिला इनाम
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम को लखनऊ पुलिस कमिश्नर ने ₹1 लाख के इनाम की घोषणा की है।
Also Read: UP News : गोरखपुर की 26वीं वाहिनी में महिला आरक्षियों की बदहाली उजागर , प्रशिक्षुओं…

