लोकसभा में विपक्ष के हंगामे पर अमित शाह का पलटवार, चिदंबरम से पूछा- पाकिस्तान को बचाकर क्या मिलेगा?

Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के हंगामे पर करारा जवाब दिया। पहलगाम में तीन आतंकियों को ढेर करने के सेना के ऑपरेशन महादेव की जानकारी देते समय जब विपक्ष शोर मचाने लगा, तो अमित शाह रुके नहीं, बल्कि उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए दुखी न होने की नसीहत दे डाली।

दरअसल, लोकसभा में अमित शाह के संबोधन के दौरान अखिलेश यादव ने बीच में कोई टिप्पणी की थी। इस पर अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश को बैठने के लिए कहा और फिर कटाक्ष करते हुए कहा कि आप आतंकवादियों का धर्म देखकर दुखी मत होइए। गृह मंत्री ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, यह हमारे देश की सेना और सीआरपीएफ, जम्मू कश्मीर पुलिस की बहुत बड़ी साझा कामयाबी है, जिस पर पूरे देश को नाज होना चाहिए।

चिदंबरम पर शाह का तीखा वार

अमित शाह ने कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम की टिप्पणी पर भी लोकसभा में जोरदार जवाब दिया। उन्होंने कहा, सोमवार को वे (कांग्रेस) हमसे पूछ रहे थे कि आतंकवादी कहां से आए? मुझे बहुत दुख हुआ कि सोमवार को इस देश के पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम जी ने सवाल उठाया कि क्या सबूत है कि ये आतंकी पाकिस्तान से आए थे। गृह मंत्री ने चिदंबरम पर सीधा सवाल दागते हुए कहा, वे क्या कहना चाहते हैं? किसे बचाना चाहते हैं? पाकिस्तान को बचाकर आपको क्या मिलेगा?

पी. चिदंबरम की टिप्पणी पर अमित शाह ने स्पष्ट किया, मैं कहना चाहता हूं कि हमारे पास प्रूफ है कि वे तीनों पाकिस्तानी थे। तीन में से दो के पाकिस्तानी वोटर नंबर हमारे पास उपलब्ध हैं। आतंकवादियों के पास राइफलें थीं, और उनके पास मिली चॉकलेट पाकिस्तान में बनी थी।

अमित शाह ने विपक्ष को घेरते हुए कहा, ये कहते हैं कि वो पाकिस्तानी नहीं थे। इसका मतलब है कि देश का एक पूर्व गृह मंत्री पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान को क्लीनचिट दे रहा है।

Also Read: दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश, सड़कों पर जलभराव, लगा लंबा जाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.