Siddharthnagar: देवेश पाठक को मिली हाई-पैकेज जॉब, जिले के युवाओं के लिए बने मिसाल
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के एमबीए विभाग ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। सत्र 2023-25 के छात्र देवेश पाठक को प्रतिष्ठित कंपनी महिंद्रा फाइनेंस में शाखा प्रबंधक (Branch Manager) के पद पर 7 लाख रुपये सालाना के आकर्षक पैकेज के साथ नियुक्ति प्रस्ताव मिला है। यह केवल विभाग के उत्कृष्ट शिक्षण और प्रशिक्षण का प्रमाण नहीं है, बल्कि सिद्धार्थनगर के युवाओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा भी है।
देवेश पाठक मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले से हैं और एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने विभागाध्यक्ष प्रो. सौरभ, शिक्षकों एवं प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. दीपक जायसवाल को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
कुलपति प्रो. कविता शाह ने इस सफलता पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, यह प्लेसमेंट हमारे एमबीए विभाग की शिक्षा गुणवत्ता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। देवेश की उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगी कि अगर इच्छाशक्ति और मेहनत हो, तो कोई भी सपना दूर नहीं।
विभागाध्यक्ष प्रो. सौरभ ने भी देवेश की प्रशंसा करते हुए कहा देवेश की व्यवहारिक समझ, अनुशासन और अकादमिक दक्षता ने उन्हें इस सफलता तक पहुँचाया। हमारा एमबीए विभाग निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यवसायिक प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट के जरिये छात्रों को कॉर्पोरेट दुनिया के लिए तैयार कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि जिले के युवाओं की आकांक्षाओं को हकीकत में बदलना है। यह सफलता उसी दिशा में एक सार्थक कदम है।
रिपोर्ट : जाकिर खान।
Also Read: डिंपल यादव पर टिप्पणी, अखिलेश की चुप्पी पर भाजपा ने पोस्टर के जरिए बोला हमला

