सड़क दुर्घटना में 3 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत, 2 गंभीर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के लखीसराय-जमुई सीमा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह दिल दहला देने वाला हादसा उस समय हुआ जब शिवसोना इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र अपनी परीक्षा देने के लिए स्टेशन की ओर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, छात्र ट्रेन पकड़ने के लिए एक सीएनजी ऑटो से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

घटनास्थल पर ही तीन छात्रों ने तोड़ा दम, दो रेफर

जैसे ही सीएनजी ऑटो लखीसराय और जमुई के सीमावर्ती क्षेत्र में पहुँचा, एक तेज़ रफ़्तार वाहन से हुई टक्कर में वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 19 से 22 वर्ष की आयु के तीन छात्रों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य छात्रों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।

दुर्घटनास्थल लखीसराय और जमुई जिले की सीमा पर होने के कारण, दोनों जिलों की पुलिस शुरू में सीमा-निर्धारण और अधिकार क्षेत्र को लेकर कुछ देर उलझी रही, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद उस क्षेत्र में यातायात भी बुरी तरह बाधित हो गया था। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग और कॉलेज प्रबंधन तुरंत मदद के लिए सक्रिय हुए। शिवसोना इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल ने दोनों जिलों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से लगातार मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद बचाव कार्य तेज़ हुआ।

Also Read: WCL 2025: सेमीफाइनल से हटे इंडिया चैंपियंस, पाकिस्तान को मिला वॉकओवर, सीधे फाइनल में हुई एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.