लखनऊ में बनेंगे विश्वस्तरीय फ्लैट्स, एलडीए ने लॉन्च की हाईटेक ग्रुप हाउसिंग योजना
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) अब शहर के लोगों को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाले फ्लैट्स का सपना पूरा करने जा रहा है। LDA ने गोमती नगर, गोमती नगर विस्तार, ऐशबाग और बसंतकुंज में हाईटेक ग्रुप हाउसिंग फ्लैट्स बनाने की घोषणा की है। मंगलवार को हुई LDA बोर्ड की बैठक में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई है। इन फ्लैट्स में स्विमिंग पूल, जिम, क्लब हाउस, योगा सेंटर और प्ले जोन जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी।

चार जगहों पर बनेंगे 1100 से अधिक फ्लैट्स
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इन फ्लैट्स का निर्माण चार अलग-अलग जगहों पर होगा:
- गोमती नगर (विराज खंड): 4.5 एकड़ में
- गोमती नगर विस्तार (सेक्टर-4): 3.5 एकड़ में
- ऐशबाग (मिल रोड): 4.63 एकड़ में
- बसंतकुंज (सेक्टर-जे): 3.7 एकड़ में
इन सभी जगहों पर 1100 से ज्यादा 3BHK और 2BHK (स्टडी) श्रेणी के फ्लैट्स बनाए जाएंगे। इसके अलावा, बसंतकुंज में प्रधानमंत्री आवास योजना के पास 1000 वर्गमीटर जमीन पर ई-ऑटो/रिक्शा चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा।

दुकानें खरीदना हुआ आसान: ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना
व्यापारियों और आम लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। LDA ने अपनी व्यावसायिक दुकानों को बेचने के तरीके में बदलाव किया है। अब ये दुकानें ई-नीलामी के बजाय ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना के तहत बेची जाएंगी। इससे आम लोग LDA की तय कीमतों पर आसानी से दुकानें खरीद सकेंगे, जिससे व्यापार करना और भी सरल हो जाएगा।

शहर में बनेंगी ऊंची इमारतें, ग्रीन कॉरिडोर भी होगा विकसित
LDA बोर्ड की बैठक में न्यू बिल्डिंग बायलॉज एंड जोनिंग रेग्युलेशन-2025 को भी मंजूरी दी गई है। इससे लखनऊ में ऊंची-ऊंची इमारतें बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके साथ ही, शहीद पथ, किसान पथ और ग्रीन कॉरिडोर के किनारे बनी इमारतों से मिलने वाले ‘विशेष सुख-सुविधा शुल्क’ को बढ़ाया जाएगा। इस शुल्क से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल पक्का पुल से डालीगंज तक ग्रीन कॉरिडोर बनाने में किया जाएगा। इसके अलावा, नंदाखेड़ा तुलसी कॉम्प्लेक्स में रहने वाले 42 परिवारों को विस्थापन नीति के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना से घर दिए जाएंगे।
Also Read: kushinagar News: रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया क्लर्क, एंटी करप्शन टीम ने किया गिरफ्तार

