सीएम योगी आज बरेली को देंगे 22.64 अरब की सौगात, लाभार्थियों को सौंपेंगे प्रमाणपत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के विकास को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जिले में 22.64 अरब रुपये की 545 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 223 परियोजनाओं का लोकार्पण और 322 का शिलान्यास किया जाएगा। सीएम योगी बरेली कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र सौंपेंगे।

सीएम योगी सुबह सवा 10 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस में बरेली मंडल के 28 जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करेंगे।

रोजगार मेला और स्टॉल निरीक्षण

जनसभा स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। निजी कंपनियों की ओर से आयोजित रोजगार मेले में 6000 पदों पर चयन की प्रक्रिया होगी। मुख्यमंत्री सबसे पहले इन स्टॉल्स का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे और कई योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक और चाबियां सौंपेंगे।

युवा उद्यमी योजना के तहत चयनित 1550 युवाओं में से पांच को सीएम के हाथों से चेक दिए जाएंगे। लखपति दीदियों, पीएम आवास योजना के लाभार्थियों, प्रतिभावान खिलाड़ियों और किसान दुर्घटना बीमा योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

मुख्य परियोजनाएं और लागत

  • ऊर्जा विभाग: 14 परियोजनाएं, लागत 199.64 करोड़
  • जल निगम (ग्रामीण): 30 परियोजनाएं, लागत 499.99 करोड़
  • बरेली विकास प्राधिकरण: 09 परियोजनाएं, लागत 147.15 करोड़
  • नगर निगम: 89 परियोजनाएं, लागत 66.06 करोड़
  • पर्यटन विकास निगम: 10 परियोजनाएं, लागत 52.39 करोड़
  • अन्य विभाग: पीडब्ल्यूडी, प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन और सहकारी संघ की कई परियोजनाएं शामिल।

जनसभा स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं

जनसभा स्थल को सात जोनों में बांटा गया है, जिनके लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात हैं। सीडीओ देवयानी नोडल अधिकारी हैं। पूरे स्थल पर पानी और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर 9454417441 पर सूचना देने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार और जेपीएस राठौर सहित अन्य मंत्री मंच पर मौजूद रहेंगे।

 

Also Read: Lucknow News: शहर के इन आठ जोन में नो-पार्किंग, अगर खड़े किए वाहन तो होगी कार्रवाई, 16 क्रेनें तैयार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.