संसद के मानसून सत्र का 13वां दिन विपक्ष के विरोध और हंगामे की भेंट चढ़ा

Sandesh Wahak Digital Desk:संसद के मानसून सत्र का 13वां दिन भी भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। मंगलवार को राज्यसभा में समुद्री माल ढुलाई से संबंधित विधेयक (Shipping Legislation) को बिना किसी चर्चा के पारित कर दिया गया, जिससे नाराज़ विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया। विरोध के चलते राज्यसभा के सभापति पद पर आसीन भुवनेश्वर कालिता ने कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा की।
विपक्षी सांसदों ने सदन के भीतर ही “एसएआईआर वापस लो”, “वोट चोर, गद्दी छोड़”, और “डिस्कशन नॉट डिलीशन” जैसे नारे लगाए। उनका आरोप है कि सरकार संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा से बच रही है और विपक्ष की आवाज़ को दबा रही है।

संसद परिसर में इंडिया अलायंस का विरोध प्रदर्शन

राज्यसभा में हंगामे के साथ-साथ संसद भवन परिसर में भी विपक्षी गठबंधन INDIA (Indian National Developmental Inclusive Alliance) के सांसदों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विपक्ष का आरोप है कि यह पुनरीक्षण प्रक्रिया पक्षपातपूर्ण और लोकतंत्र के खिलाफ है।

सांसदों के हाथों में “Discussion Not Deletion” लिखा बैनर था

प्रदर्शन के दौरान सांसदों के हाथों में बड़ा बैनर था, जिस पर “Discussion Not Deletion” लिखा गया था। ‘मकर द्वार’ के पास हुए इस विरोध प्रदर्शन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, और कई अन्य दलों के नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन से पहले विपक्षी नेताओं ने संसद भवन में एक संयुक्त बैठक कर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

लोकसभा में स्थगन प्रस्तावों की बौछार

लोकसभा में भी विपक्ष सरकार पर लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने स्थगन प्रस्ताव देते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में हाल ही में हुई एक जज की नियुक्ति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नियुक्त जज पूर्व में एक बड़े राजनीतिक दल के प्रवक्ता रह चुके हैं, जिससे न्यायपालिका की निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह लगते हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने SSC (कर्मचारी चयन आयोग) की परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर स्थगन प्रस्ताव पेश किया और इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग की।

Also Read: अमेरिकी टैरिफ का भारत पर खास असर नहीं, RBI गवर्नर ने दिलाया भरोसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.