नोएडा पुलिस ने पकड़ा फर्जी इंटरनेशनल पुलिस कार्यालय, छह आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: नोएडा की सेंट्रल जोन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पुलिस कार्यालय का पर्दाफाश किया है। यह दफ्तर इंटरनेशनल पुलिस एंड क्राइम इंवेस्टिगेशन ब्यूरो के नाम से चलाया जा रहा था। पुलिस ने इस अवैध और भ्रामक कार्यालय का पता चलते ही छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग अपना जाल फैला पाता, उससे पहले ही पुलिस ने इसे पकड़ लिया।

फर्जी सरकारी दस्तावेज और पहचान पत्र बरामद

पुलिस के मुताबिक, इस फर्जी दफ्तर से भारी मात्रा में नकली दस्तावेज, पहचान पत्र, पासबुक और चेकबुक बरामद हुई हैं। आरोपियों ने खुद को खुफिया ब्यूरो (IB) और अन्य सरकारी सुरक्षा एजेंसियों से जुड़ा हुआ बताया था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह मामला गाजियाबाद में पकड़े गए फर्जी दूतावास जैसा है, जहां सरकारी नाम का गलत इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह किया जाता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस का कहना है कि आरोपी खुद को एक अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसी का हिस्सा बताते थे और जांच या वेरिफिकेशन के नाम पर लोगों से संपर्क करने की योजना बना रहे थे। इनके पास से कई सरकारी प्रतीकों वाले नकली स्टैम्प और लेटरहेड भी मिले हैं। सेंट्रल जोन पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के पूरे नेटवर्क और उनके पैसों के लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।

Also Read: Varanasi News: भाजपा नेता रवि शंकर सिंह के नेतृत्व में पिंडरा में लहराया तिरंगा, उमड़ा जनसैलाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.