बाल-बाल बची यात्रियों की जान, हवा में डगमगाती रही एयर इंडिया की फ्लाइट, कांग्रेस सांसद बोले- भाग्य से बच गए

Sandesh Wahak Digital Desk: रविवार की रात एयर इंडिया की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब तिरुवनंतपुरम से दिल्ली आ रहे विमान को तकनीकी खराबी और खराब मौसम की वजह से चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस विमान में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल समेत कुल 5 सांसद सवार थे।

यह उड़ान, AI2455, दो घंटे से भी ज्यादा समय तक हवा में रही। विमान के चेन्नई में सुरक्षित लैंड करने के बाद केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने इस खौफनाक अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि यह घटना एक बड़े हादसे से ‘बाल-बाल बचने’ जैसी थी।

‘बाल-बाल बची जान’, वेणुगोपाल ने सुनाई आपबीती

वेणुगोपाल ने अपनी पोस्ट में कहा, “फ्लाइट पहले से ही देरी से थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही तेज झटके (टर्बुलेंस) लगने लगे। करीब एक घंटे बाद कैप्टन ने बताया कि सिग्नल में खराबी है और इसे चेन्नई भेजा जा रहा है।”

उन्होंने आगे बताया, “हम लगभग दो घंटे तक चेन्नई एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाते रहे। पहली बार लैंड करने की कोशिश में एक डरावना पल आया, जब पता चला कि रनवे पर दूसरा विमान था। कैप्टन ने तुरंत विमान को ऊपर उठाया, जिससे सभी की जान बच गई।”

वेणुगोपाल ने पायलट की सूझबूझ और किस्मत को इसका श्रेय दिया, लेकिन साथ ही DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस घटना की तुरंत जांच करने और भविष्य में ऐसी चूक न होने देने की अपील की।

एयर इंडिया ने दी सफाई

वहीं, एयर इंडिया ने केसी वेणुगोपाल की पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा कि विमान को तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण एहतियातन चेन्नई भेजा गया था। एयरलाइन ने दावा किया कि पहली लैंडिंग के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर ‘गो-अराउंड’ (दोबारा लैंडिंग का प्रयास) किया गया था, न कि रनवे पर किसी दूसरे विमान के होने की वजह से। फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू हो गई है।

 

Also Read: स्वामी प्रसाद को थप्पड़ मारने वाला रोहित द्विवेदी जमानत पर रिहा, मिला 11 लाख का चेक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.