Lucknow News: डायवर्जन ने बढ़ाई मुसीबत, भीषण जाम में फंसे दो जज, बैरिकेड हटाकर निकाली गई गाड़ी
Sandesh Wahak Digital Desk: गोमती नगर में ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था सोमवार को बुरी तरह से फेल हो गई।
पालीटेक्निक चौराहे पर शनिवार को लागू किया गया ट्रैफिक डायवर्जन सोमवार को भारी परेशानी का सबब बन गया, जब गोमती नगर स्थित हाई कोर्ट के सामने पुल पर भीषण जाम लग गया।
इस ट्रैफिक जाम में हाई कोर्ट के दो न्यायाधीश (जज) भी फंस गए। स्थिति बिगड़ते देख, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग हटाकर जज की गाड़ी को जाम से निकाला।

जाम से परेशान रहे आम लोग, रेंगते रहे वाहन
सोमवार सुबह ऑफिस टाइम पर जाम की स्थिति इतनी खराब थी कि पालीटेक्निक चौराहे से लेकर हाई कोर्ट ओवरब्रिज तक वाहन रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर हो गए।
बड़ी संख्या में वाहन चालक, ऑफिस जा रहे कर्मचारी, स्कूली बच्चे और एंबुलेंस तक इस जाम में फंस गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि डायवर्जन की सूचना न के बराबर थी, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस द्वारा शनिवार को लागू किए गए डायवर्जन को लेकर न तो पर्याप्त सूचना जारी की गई और न ही ग्राउंड पर उचित ट्रैफिक मैनेजमेंट किया गया। नतीजा यह हुआ कि सोमवार को कार्यदिवस की शुरुआत ही जाम की मार के साथ हुई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और डायवर्जन व्यवस्था को तुरंत सुधारने की मांग की।

प्रशासन की चुप्पी, नागरिकों की परेशानी
घंटों जाम में फंसे रहने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। लोगों ने मांग की है कि
-
डायवर्जन से पहले पर्याप्त संकेतक और दिशा-निर्देश लगाए जाएं।
-
ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाई जाए।
-
और रूट में फेरबदल से पहले नागरिकों को समय रहते सूचित किया जाए।

