Agra News: थाने से 100 मीटर दूर ज्वैलरी शॉप में चोरी, पहचान छिपाने के लिए चोर ने ओढ़ी शॉल
Agra News: आगरा में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर ही एक ज्वैलरी की दुकान में सेंध लगा दी। चोर दुकान का शटर काटकर लाखों के आभूषण चुरा ले गए। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर अपना चेहरा छिपाने के लिए शॉल ओढ़े हुए दिख रहा है।
फोन पर चोरी की सूचना दी
यह घटना ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के कालिंदी विहार स्थित मां पीतांबरा ज्वैलर्स की है। दुकान मालिक रोहित कुमार ने बताया कि उन्होंने हाल ही में 10 जुलाई को ही यह दुकान खोली थी। शुक्रवार रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद करके घर गए थे। शनिवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोस के दुकानदार ने फोन पर चोरी की सूचना दी।
जब रोहित मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर कटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार, चोर दुकान से लगभग दो किलो चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपए के आर्टिफिशियल आभूषण चोरी कर ले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोर की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। चोर ने अपनी पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसके द्वारा की गई हरकतें कैमरे में रिकॉर्ड हो गई हैं।
Also Read: विदेश मंत्री जयशंकर का अमेरिका को जवाब, रूस से तेल खरीदने का फैसला राष्ट्रीय हित में है

