आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर-डंपर में भीषण टक्कर, आग में जिंदा जले चालक और क्लीनर

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह कंटेनर और डंपर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जलकर मौत हो गई। दोनों के शव केबिन में सीट से चिपके मिले। हादसे के दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवक भी डंपर से टकरा गए और घायल हो गए। पुलिस और दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद वाहनों से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं।

डंपर में फंसे चालक और क्लीनर की मौत

पुलिस के मुताबिक, गिट्टी से लदा डंपर अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे फ्रोजन मटर से भरे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। कंटेनर चालक ने बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन डंपर चालक और क्लीनर अंदर ही फंस गए। दोनों की मौके पर मौत हो गई।

मृतकों की पहचान राजस्थान के धौलपुर जिले में मनिया थाना क्षेत्र के कोड़राका निवासी आकाश (25) और करुआ (24) के रूप में हुई है। आग इतनी भीषण थी कि दोनों के शव बुरी तरह झुलस गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पीछे से आ रही बाइक भी डंपर से टकराई

हादसे के दौरान डंपर के पीछे चल रही बाइक भी उससे टकरा गई। बाइक सवार सुमित सिंह, पुत्र प्रीतम सिंह, और सीटू, पुत्र दिवान सिंह, निवासी नगला जालिम, खंदौली घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल सुमित ने बताया कि वह सीटू के साथ बाइक से सादाबाद मंडी गए थे। वहां से लौटते समय उनके आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उनकी बाइक डंपर से टकरा गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में डंपर चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे के कारणों की जांच जारी है।

पांच किलोमीटर तक लगा जाम

हादसे के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क किनारे कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

इंस्पेक्टर उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर मालिक से संपर्क कर मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: पैसों की कमी से पढ़ाई न रुके, CM योगी ने 4.60 लाख छात्रों के खातों में भेजी148 करोड़ से ज्यादा की स्कॉलरशिप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.