Sultanpur News: सिपाही की पत्नी ने एसपी ऑफिस के बाहर किया हंगामा, बच्ची संग सड़क पर बैठी
Sultanpur News: जिले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपनी दुधमुंही बच्ची को लेकर अचानक पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के सामने सड़क पर बैठ गई और जोरदार हंगामा करने लगी। महिला का आरोप है कि उसका पति, जो कि जिले में तैनात सिपाही है, विवाह के बाद भी दूसरी महिला के साथ रह रहा है। पत्नी के इस आरोप और विरोध प्रदर्शन से पुलिस विभाग में खलबली मच गई। जानकारी के मुताबिक मामला बल्दीराय थानाक्षेत्र के बल्लीपुर का है। यहां तैनात सिपाही अभिषेक यादव की पत्नी मायके में रह रही थी। सोमवार को वह अचानक अपनी मासूम बच्ची को लेकर एसपी ऑफिस पहुंची और गेट के सामने ही सड़क पर बैठ गई। उसने आरोप लगाया कि उसका पति उसे छोड़कर दूसरी महिला के साथ रह रहा है। महिला के विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

भीड़ के बीच बढ़ा हंगामा
स्थिति बिगड़ती देख महिला पुलिस कर्मियों को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने महिला को समझाने का प्रयास किया और भीतर ले गईं। लेकिन महिला शांत नहीं हुई और बाहर निकलकर फिर सड़क पर आ गई। इस दौरान उसने बच्ची को सड़क पर लिटा दिया और नीम के पेड़ के पास दुपट्टे से फांसी लगाने की कोशिश करने लगी। यह देख महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और किसी तरह रोककर उसकी जान बचाई।
महिला थानाध्यक्ष को बुलाया गया
मामला संवेदनशील होते देख आनन-फानन में महिला थानाध्यक्ष को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने महिला को अपने साथ ले जाकर शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल महिला को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।महिला के आरोप और आत्महत्या की कोशिश की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। हालांकि इस पूरे प्रकरण पर फिलहाल पुलिस के आलाधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं और कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

स्थानीय लोगों में चर्चा
घटना के बाद से इलाके में चर्चा का विषय बन गया है कि आखिरकार एक पुलिसकर्मी की पत्नी को ऐसा कदम क्यों उठाना पड़ा। लोग इस घटना को पारिवारिक कलह और पुलिस विभाग की संवेदनशीलता से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। महिला और उसकी बच्ची सुरक्षित हैं, लेकिन घटना ने कानून व्यवस्था और पुलिस की छवि पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Also Read: Fatehpur News: लगातार बारिश से फतेहपुर में कच्चा मकान गिरा, तीन की मौत, चार गंभीर

