सुलतानपुर में खनन माफियाओं का दुस्साहस, नायब तहसीलदार का पैर तोड़ा, दो लेखपालों को बंधक बनाकर पीटा

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। सोमवार देर रात रामनगर इमिलिया गांव में हुई इस घटना में सदर तहसील के नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर टूट गया। वहीं, टीम में शामिल दो लेखपालों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। हमले में टीम के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद घायलों को सुलतानपुर जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। नायब तहसीलदार की गंभीर हालत और पैर में कई जगह फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) रेफर कर दिया गया है। शहर कोतवाली में इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

शिकायत के बाद छापेमारी करने पहुंची थी राजस्व टीम

खनन विभाग और तहसील प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कोतवाली नगर क्षेत्र के रामनगर इमिलिया गांव में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। सोमवार रात भी प्रशासन को इसकी सूचना मिली।

इसके बाद एसडीएम सदर के आदेश पर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम में लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह और सुमित कुमार भी शामिल थे। टीम का मकसद अवैध खनन रोकना और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना था।

बताया जा रहा है कि टीम के पहुंचने पर खनन कारोबारी वहां से हट गए थे। राजस्व कर्मियों ने मौके पर जांच शुरू की और अवैध खनन रोकने की कोशिश की। इसी दौरान बड़ी संख्या में खनन माफिया और उनके गुर्गों ने टीम को चारों तरफ से घेर लिया।

नायब तहसीलदार का पैर टूटा, लेखपालों को बनाया बंधक

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों ने राजस्व टीम को संभलने का मौका तक नहीं दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उनका पैर टूट गया।

इसके बाद दबंगों ने लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह और सुमित कुमार को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों को कुछ समय तक बंधक बनाकर पीटा गया। टीम के अन्य सदस्यों को भी गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी हंगामा करते हुए मौके से फरार हो गए।

KGMU रेफर किए गए नायब तहसीलदार, लेखपाल संघ ने जताया आक्रोश

हमले की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। खून से लथपथ नायब तहसीलदार और दोनों लेखपालों को सुलतानपुर जिला मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव की गंभीर हालत और पैर में कई जगह फ्रैक्चर को देखते हुए उन्हें KGMU लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों घायल लेखपालों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

इस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों में नाराजगी है। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शुक्ला ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि जब नायब तहसीलदार जैसे जिम्मेदार अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो फील्ड में काम करना मुश्किल हो गया है।

राधेश्याम शुक्ला ने प्रशासन और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश कर रही है।

Also Read: अखिलेश बाबू फरवरी में आप भी निपट जाओगे’, शिवराज सिंह चौहान का विपक्ष पर तीखा हमला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.