Gurugram Encounter: सिंगर राहुल फाजिलपुरिया की हत्या की साजिश नाकाम, मुठभेड़ के बाद 5 शार्प शूटर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के चर्चित सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया की हत्या की साजिश को गुरुग्राम पुलिस और एसटीएफ (STF) ने मुठभेड़ के बाद नाकाम कर दिया है। इस दौरान पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से चार के पैरों में गोली लगी है। सभी आरोपियों का संबंध विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों दीपक नांदल और रोहित सिरधानिया से है।

कैसे विफल हुई हत्या की साजिश

मंगलवार देर रात गुरुग्राम के सेक्टर-93 में STF और क्राइम ब्रांच की एक संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों शूटरों को घेर लिया। ये सभी बिना नंबर प्लेट वाली इनोवा कार में सवार थे और पटौदी रोड के वजीरपुर इलाके में संदिग्ध रूप से घूम रहे थे।

जैसे ही पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, शूटरों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में चार बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि पांचवें आरोपी को पीछा कर पकड़ा गया।

गिरफ्तार किए गए शूटरों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • विनोद उर्फ पहलवान पुत्र राजपाल, निवासी लोहा माजरा, झज्जर
  • पदम उर्फ राजा पुत्र साहिब सिंह, गांव लोहा माजरा, झज्जर
  • आशीष उर्फ आशु पुत्र श्री देव, जिला सोनीपत
  • गौतम उर्फ गोगी पुत्र अमन सिंह, वाशी दिपालपुर, सोनीपत
  • शुभम उर्फ काला पुत्र रोहतास, गांव जाजल, जिला सोनीपत

चार घायल आरोपियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गौतम उर्फ गोगी को भागने के दौरान पकड़कर थाने लाया गया।

गौरतलब है कि 14 जुलाई 2025 को सिंगर राहुल यादव पर गुरुग्राम के SPR रोड पर हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। जांच में पता चला कि उसी हमले की अगली कड़ी के रूप में यह माफिया गिरोह दोबारा उनकी हत्या की योजना बना रहा था।

विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े हैं तार

पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पांचों शूटर विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल और रोहित सिरधानिया के निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस को पहले से इनपुट मिला था कि राहुल फाजिलपुरिया की हत्या की फिर से योजना बनाई जा रही है।

STF और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई

इनपुट मिलने के बाद गुरुग्राम STF और क्राइम ब्रांच की आधा दर्जन यूनिट्स को अलर्ट किया गया। पटौदी रोड पर जाल बिछाया गया और संदिग्ध इनोवा कार की पहचान कर मुठभेड़ के जरिए आरोपियों को धर दबोचा गया। कार में भारी मात्रा में हथियार और मोबाइल डिवाइस भी बरामद हुए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

Also Read: भारत पर आज से लागू होगा अमेरिका का 50 प्रतिशत टैरिफ, ट्रंप के फैसले से व्यापारिक…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.